
प्रदेश अध्यक्ष का स्वागत केवल एक कार्यक्रम ही नहीं बल्कि अनुशासन और एकजुट का प्रदर्शन होगा : मयंक गोयल

गाजियाबाद। भारतीय जनता पार्टी के नवनिर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी के पहली बार गाज़ियाबाद आगमन को लेकर महानगर भाजपा के पदाधिकारी उनके स्वागत कार्यक्रम को लेकर जी जान से जुट गए हैं। इस संबंध में नेहरू नगर स्थित भाजपा महानगर कार्यालय पर दो स्तरीय बैठक का भी आयोजन किया गया। बैठक में स्वागत एवं अभिनंदन कार्यक्रम की रूपरेखा तय करते हुए संगठनात्मक स्तर पर व्यापक तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया।

महानगर कार्यालय पर प्रथम बैठक में भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष सत्येंद्र सिसोदिया ने महानगर अध्यक्ष मयंक गोयल की अध्यक्षता में महानगर पदाधिकारी, मोर्चा-प्रकोष्ठों के अध्यक्ष एवं मंडल अध्यक्षों के साथ विस्तृत चर्चा की। बैठक में सभी संगठनात्मक इकाइयों को दायित्व सौंपते हुए अधिकतम कार्यकर्ता सहभागिता एवं अनुशासन बनाए रखने के निर्देश दिए गए। दूसरी बैठक भाजपा पार्षदों के साथ आयोजित की गई, जिसमें प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री सुनील शर्मा एवं महानगर अध्यक्ष मयंक गोयल उपस्थित रहे। बैठक में स्वागत स्थल, यातायात व्यवस्था, सुरक्षा, अनुशासन, जनसहभागिता एवं कार्यक्रम की भव्यता को लेकर विस्तार से विचार-विमर्श हुआ।
इस अवसर पर महानगर अध्यक्ष मयंक गोयल ने कहा कि “प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी का प्रथम गाज़ियाबाद आगमन संगठन के लिए ऐतिहासिक अवसर है। प्रत्येक कार्यकर्ता की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। यह स्वागत केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि भाजपा की संगठनात्मक शक्ति, अनुशासन और एकजुटता का प्रदर्शन होगा। सभी कार्यकर्ता पूरी निष्ठा, तैयारी एवं जिम्मेदारी के साथ कार्यक्रम को सफल बनाने में जुटें। क्षेत्रीय अध्यक्ष सत्येंद्र सिसोदिया ने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष का प्रथम आगमन संगठन के लिए गौरव का विषय है और इसे ऐतिहासिक बनाने में कोई कमी नहीं छोड़ी जाएगी।

उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री सुनील शर्मा ने कहा कि कार्यकर्ताओं का उत्साह ही संगठन की सबसे बड़ी ताकत है और यह स्वागत कार्यक्रम पूरे प्रदेश में एक सकारात्मक संदेश देगा। बैठकों के माध्यम से यह सुनिश्चित किया गया कि 28 दिसंबर को प्रातः यूपी गेट एवं इनमेंटेक कॉलेज के सामने एनएच-24 पर आयोजित होने वाला स्वागत कार्यक्रम भव्य, अनुशासित एवं ऐतिहासिक स्वरूप में संपन्न हो। महानगर अध्यक्ष मयंक गोयल ने जानकारी देते हुए बताया कि यूपी गेट पर युवा मोर्चा द्वारा प्रदेश अध्यक्ष का स्वागत किया जाएगा तथा इनमेंटेक कॉलेज के सामने एनएच-24 मेरठ बाईपास कट के पास मंच लगाकर पुष्पवर्षा एवं हजारों कार्यकर्ताओं की उपस्थिति में प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी का भव्य स्वागत किया जाएगा। इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष कार्यकर्ताओं को संबोधित भी करेंगे।
———————-
वरिष्ठ पत्रकार श्री राम की रिपोर्ट


