महर्षि वाल्मीकि के आदर्श आज भी समाज के पथप्रदर्शक : मयंक गोयल
गाज़ियाबाद। महानगर भाजपा द्वारा शहर में दो स्थानों पर महर्षि वाल्मीकि जयंती के अवसर पर भव्य प्रकटोत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया गया। प्रथम कार्यक्रम भाजपा महानगर कार्यालय, नेहरू नगर में महानगर अध्यक्ष मयंक गोयल के नेतृत्व में संपन्न हुआ। जिसमें कार्यकर्ताओं ने दीप प्रज्वलित एवं उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर महर्षि वाल्मीकि के जीवन व कृतित्व पर चर्चा की। वहीं दूसरा कार्यक्रम महर्षि वाल्मीकि पार्क नवयुग मार्केट में आयोजित हुआ, जहाँ पार्टी कार्यकर्ताओं एवं नगरजनों ने उनकी मूर्ति पर माल्यार्पण कर प्रकटोत्सव की शुभकामनाएँ साझा कीं और समाज में उनके आदर्शों को जन-जन तक पहुँचाने का संकल्प लिया।
महानगर भाजपा द्वारा आयोजित महर्षि वाल्मीकि जयंती कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा महानगर अध्यक्ष मयंक गोयल ने कहा कि महर्षि वाल्मीकि समाज सुधार, ज्ञान और धर्म के प्रतीक हैं। उन्होंने मानवता को यह सन्देश दिया कि सत्य, कर्म और समर्पण के मार्ग पर चलकर प्रत्येक व्यक्ति महानता प्राप्त कर सकता है। उन्होंने कहा कि महर्षि वाल्मीकि का जीवन समाज में समानता, नैतिकता और सृजनशीलता का आदर्श उदाहरण है।वाल्मीकि समाज के वरिष्ठ नेता प्रदीप चौहान ने कहा कि महर्षि वाल्मीकि का प्रकट दिवस सामाजिक एकता और सद्भाव का पर्व है। उन्होंने समाज के हर वर्ग को सम्मान और समान अधिकारों की भावना से जोड़ने का कार्य किया। भाजपा संगठन सदैव वाल्मीकि समाज के उत्थान और सम्मान के लिए प्रतिबद्ध है।
कार्यक्रम में महानगर महामंत्री गोपाल अग्रवाल, पप्पू पहलवान, राजेश त्यागी, बॉबी त्यागी, प्रदीप चौधरी, बी.एल. गौतम, संजय रावत, राजन बाल्मीकि, सोनू धीमान, गौरव चोपड़ा, पंकज भारद्वाज, ऋचा भदौरिया, पुष्पा पांडे, शैली सेठी, नीरज त्यागी, विपिन सैनी, राजेंद्र तितौरिया सहित अनेक पदाधिकारी, मोर्चा प्रमुख, मंडल अध्यक्ष, पार्षदगण एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे। अंत में सभी ने महर्षि वाल्मीकि के दिखाए मार्ग पर चलने और समाज में समरसता व सद्भाव के प्रसार का संकल्प लिया।