गाज़ियाबाद। संजय नगर सेक्टर-23 स्थित श्री आदर्श धार्मिक रामलीला कमेटी के तत्वावधान में चल रहे रामलीला मंचन में मंगलवार रात को कुंभकरण बध, मेघनाद बध, लक्ष्मण शक्ति और सुलोचना सती जैसे अद्वितीय एवं भावपूर्ण प्रसंगों का भव्य मंचन किया गया।
श्री जी कला मंच के कलाकारों द्वारा प्रस्तुत इस मंचन में दर्शकों ने देखा कि किस प्रकार रणभूमि में रावण का भाई कुंभकरण परास्त हुआ, फिर मेघनाद ने लक्ष्मण जी पर शक्ति बाण चलाकर संपूर्ण सेना को विचलित कर दिया। हनुमान जी द्वारा संजीवनी लाकर धर्म की रक्षा की गई और अंततः सत्य की विजय में मेघनाद का वध हुआ। मंचन का समापन सुलोचना सती के हृदय विदारक दृश्य से हुआ, जिसने पूरे पंडाल को भावुक कर दिया।
मंचन के दौरान मुख्य अतिथि मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) नरेन्द्र कश्यप ने कहा कि रामलीला मात्र मंचन नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति का जीवंत उत्सव है। इससे हमें यह शिक्षा मिलती है कि धर्म और सत्य के मार्ग पर चलने वाला कभी पराजित नहीं होता। भाजपा मंडल अध्यक्ष नीरज त्यागी ने कहा कि रामायण के प्रसंग समाज को संस्कृति व आस्था से जोड़ते हैं। पूर्व मंडल अध्यक्ष विनीत शर्मा ने इसे भाईचारे और सद्भाव का प्रतीक बताया।
कार्यक्रम का संचालन और व्यवस्थापन कमेटी के संयोजक सदस्य प्रदीप चौधरी, पार्षद उमेश पप्पू नागर, कपिल वशिष्ठ नामित पार्षद, मोनू त्यागी, हरेंद्र यादव, अनुज राघव और अन्य वरिष्ठ सदस्यों अमर दत्त शर्मा, वीरेंद्र बाबू वर्मा, मोहन सिंह रावत, अशोक चांदीवाल, चेतन यादव, अरुण शर्मा, रविंद्र सिंह राणा, संजीव चौधरी, कौशल शर्मा, जितेंद्र चौधरी, किरणपाल सिंह, सतपाल सिंह देशवाल आदि ने सफलता पूर्वक किया।
कार्यक्रम में प्रदेश सरकार के मंत्री नरेन्द्र कश्यप, टैक्स एडवोकेट आर.के. शिशौदिया, भाजपा मंडल अध्यक्ष नीरज त्यागी, पूर्व मंडल अध्यक्ष विनीत शर्मा, समाजवादी पार्टी नेता मनोज पंडित, समाजसेवी भूषण पंडित सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।