संजय नगर व्यापार मंडल का विरोध प्रदर्शन

नगर निगम, पुलिस और खाद्य विभाग पर व्यापारियों का शोषण का आरोप, एक घंटे तक बाजार बंद

गाजियाबाद। संजय नगर व्यापार मंडल ने शनिवार को नगर निगम, पुलिस प्रशासन और खाद्य विभाग के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। आरोप लगाया गया कि ये विभाग मिलकर व्यापारियों का लगातार शोषण कर रहे हैं, जिससे वे आर्थिक रूप से कमजोर हो रहे हैं। विरोध के तहत सुबह 11 बजे से दोपहर 12 बजे तक बाजार बंद रखा गया।

व्यापार मंडल अध्यक्ष विपिन गोयल और महामंत्री हरीश शर्मा ने बताया कि गाजियाबाद के सभी व्यापारी भारतीय जनता पार्टी के कोर वोटर हैं, लेकिन स्थानीय अधिकारी व्यापारियों को परेशान करने का काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह आक्रोश प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तक पहुंचाने के उद्देश्य से यह विरोध आयोजित किया गया है।

अध्यक्ष विपिन गोयल ने कहा, “गाजियाबाद के सरकारी अधिकारी, पुलिस प्रशासन, नगर निगम और खाद्य विभाग मिलकर व्यापारियों का शोषण कर रहे हैं। इससे व्यापारी वर्ग आक्रोशित है और यह भाजपा को कमजोर करने की साजिश जैसी प्रतीत हो रही है।”

इस मौके पर व्यापार मंडल चेयरमैन प्रदीप गर्ग, अध्यक्ष विपिन गोयल, महामंत्री हरीश शर्मा, कोषाध्यक्ष राजेंद्र गर्ग, उपाध्यक्ष रितेश गर्ग, उपाध्यक्ष प्रकाश गुप्ता, वाइस चेयरमैन रवि कुमार, पूर्व पदाधिकारी ठाकुर बबलू सिंह, तेजवीर मां, गौतम पंडित राजू, केके शर्मा, मूलचंद तोमर, और दर्जनों व्यापारी संगठनों के प्रतिनिधि व सैकड़ों व्यापारी मौजूद रहे।

——-

 वरिष्ठ पत्रकार श्री राम की रिपोर्ट

Leave a Comment