13 से 16 फरवरी तक हापुड़ मार्ग पर मालवाहक वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित

महाशिवरात्रि पर ट्रैफिक डायवर्जन:

गाजियाबाद। महाशिवरात्रि पर्व के अवसर पर ब्रजघाट में कांवड़ियों और श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए यातायात पुलिस द्वारा विशेष ट्रैफिक डायवर्जन योजना लागू की गई है। जनपद हापुड़ से प्राप्त सूचना के अनुसार 13 फरवरी 2026 को दोपहर 12 बजे से 16 फरवरी 2026 की शाम 4 बजे तक हापुड़ सीमा में भारी एवं हल्के मालवाहक वाहनों का प्रवेश पूर्ण रूप से प्रतिबंधित रहेगा।

इसी क्रम में गाजियाबाद यातायात पुलिस ने 13 फरवरी को सुबह 11 बजे से 16 फरवरी तक गाजियाबाद से हापुड़ की ओर जाने वाले सभी प्रकार के मालवाहक वाहनों के संचालन पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने का निर्णय लिया है, ताकि यातायात सुचारू रूप से संचालित हो सके और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

वैकल्पिक मार्गों की व्यवस्था भी की गई है। मुरादाबाद, बरेली एवं लखनऊ की ओर जाने वाले वाहन लाल कुआं से दादरी, बुलंदशहर, डिबाई, नरौरा मार्ग अथवा डासना इंटरचेंज से ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेसवे होकर पलवल चढ़ाव से बुलंदशहर, डिबाई, नरौरा मार्ग का प्रयोग कर अपने गंतव्य तक पहुंच सकेंगे। वहीं कुंडली और पलवल की ओर से ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेसवे होकर आने वाले वाहन डासना इंटरचेंज के एग्जिट संख्या 4ए से नीचे नहीं उतर सकेंगे।

पुलिस उपायुक्त यातायात ने बताया कि आवश्यकता पड़ने पर ट्रैफिक डायवर्जन व्यवस्था में संशोधन किया जा सकता है। आमजन से अपील की गई है कि वे असुविधा से बचने के लिए वैकल्पिक मार्गों का प्रयोग करें और यातायात पुलिस के निर्देशों का पालन करें।

—-

वरिष्ठ पत्रकार श्री राम की रिपोर्ट

Leave a Comment