गाजियाबाद। गोविंदपुरम इलाके में आज सुबह तेंदुआ देखे जाने से अफरा-तफरी मच गई। जी-ब्लॉक स्थित ग्रीनफील्ड सीनियर सेकेंडरी स्कूल के परिसर में सुबह करीब 7 बजे गार्ड ने तेंदुए को देखा। इसकी सूचना मिलते ही कवि नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और वन विभाग को भी अलर्ट किया गया।
कुछ ही देर में वन विभाग की टीम भी स्कूल पहुंच गई और तेंदुए को पकड़ने के लिए जाल लगाकर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। खबर लिखे जाने तक तेंदुआ स्कूल परिसर में ही मौजूद था।

स्कूल प्रबंधक पृथ्वी सिंह कसाना ने बताया कि सुरक्षा को देखते हुए तुरंत स्कूल में आज की छुट्टी घोषित कर दी गई, जिससे कोई भी छात्र स्कूल नहीं आया।
गौरतलब है कि इससे पहले राजनगर स्थित इंग्राहम इंस्टीट्यूट में भी तेंदुआ देखे जाने की घटना सामने आ चुकी है। कोरोना काल के दौरान भी गाजियाबाद में कई बार तेंदुआ दिखाई देने की घटनाएं हो चुकी हैं।
——



