तीनों महिलाओं की मौत, युवक घायल
गाजियाबाद। शनिवार सुबह मॉर्निंग वॉक के लिए निकली कोट गांव की तीन महिलाओं को एक तेज़ रफ्तार कार ने राकेश मार्ग, जीटी रोड पर टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि दो महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीसरी महिला ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
घटना सुबह करीब 5:30 बजे की बताई जा रही है। मृतक महिलाओं की पहचान सावित्री देवी (65) पत्नी दरयाव सिंह, गुड्डी (58) पत्नी भगत सिंह प्रजापति, और कमलेश (55) पत्नी दयानंद के रूप में हुई है। तीनों महिलाएं रोज़ की तरह मॉर्निंग वॉक के लिए निकली थीं।
जैसे ही वे जीटी रोड पर पहुँचीं, टोयोटा ग्लैंजा कार (नंबर UP14FL–6669) ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में सावित्री देवी और गुड्डी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कमलेश को गंभीर हालत में सर्वोदय अस्पताल ले जाया गया, जहाँ उपचार के दौरान उनकी भी मृत्यु हो गई।
इस हादसे में विपिन शर्मा नामक एक राहगीर भी कार की चपेट में आ गया। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कार चालक भी घायल बताया जा रहा है, जिसका इलाज जारी है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुँची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
——–