
गौतमबुद्ध नगर। समाज कल्याण फेडरेशन ऑफ इंडिया ने अपने स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित 8वें राष्ट्र गौरव सम्मान समारोह में शौर्य, शिक्षा, समाज सेवा, स्वास्थ्य, पर्यावरण, कला-संस्कृति तथा विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में नौ प्रदेश की 51 प्रतिभाओं को उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मानित किया है।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राष्ट्रपति वीरता पुरस्कार प्राप्त एवं गौतमबुद्ध नगर के अपर पुलिस आयुक्त डॉ. राजीव नारायण मिश्र ने अवार्ड विजेताओं को बधाई देते हुए कहा कि पुरस्कार विजेताओं ने समाज और पूरे देश का गौरव बढ़ाया है। निश्चित ही ये पुरस्कार उन्हें प्रोत्साहित करेंगे और अन्य प्रतिभाओं को भी इससे प्रेरणा मिलेगी।

नॉलेज पार्क-3 स्थित PIIT ग्रेटर नोएडा के सभागार में आयोजित सम्मान समारोह की अध्यक्षता कुमाऊं गढ़वाल विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति प्रोफेसर बीएस राजपूत ने की। कार्यक्रम में एसकेएफआई के मुख्य संरक्षक प्रोफेसर (डॉ.) भरत सिंह और राष्ट्रीय अध्यक्ष व वरिष्ठ पत्रकार जितेन्द्र बच्चन भी मौजूद रहे । श्री बच्चन ने कहा कि आज जिन प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया है, उन्होंने उत्कृष्टता का परिचय दिया है।
डॉ. भरत सिंह ने कहा कि एसकेएफआई सामाजिक परिवर्तन का प्रथप्रदर्शक है, जो अपनी उपलब्धियों, अच्छे विचारों, नवाचारों और अथक प्रतिबद्धता के साथ विभिन्न क्षेत्रों में राष्ट्रीय प्रगति को आगे बढ़ाने का काम कर रहा है। उन्होंने बताया कि जिन राज्यों की प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया है, उनमें राजस्थान, गुजरात, हिमाचल प्रदेश, बिहार, पश्चिम बंगाल, उत्तर प्रदेश, दिल्ली, हरियाणा एवं मध्य प्रदेश शामिल हैं। डॉ. भरत सिंह संस्थान के माध्यम से एसकेएफआई द्वारा उपस्थित गरीब बच्चों को नि:शुल्क शिक्षित करने की घोषणा करते हुए कहा कि उनका एक ही उद्देश्य है कि देश का कोई बच्चा अनपढ़ न रहे, भूखा न सोए और सभी युवाओं को रोजगार मिले।
कार्यक्रम में राष्ट्र गौरव के अलावा राजस्थान गौरव, गुजरात गौरव, पत्रकार गौरव, बाल कला रत्न, नोएडा गौरव, बुलंदशहर गौरव, साहित्य भूषण, साहित्य गौरव, शिक्षक गौरव, समाज भूषण एवं समाज रत्न सम्मान से भी कई प्रतिभाओं को अलंकृत किया गया।


