‘The Dreamer’ से नेशनल पहचान के बाद ग्लोबल मंच की ओर कदम

गुड़गांव।
गुड़गांव के 11 वर्षीय होनहार बाल लेखक ईशान उम्मत ने अपनी प्रतिभा से एक बार फिर सबका ध्यान आकर्षित किया है। नेशनल यंग ऑथर का खिताब जीतने के बाद अब वह ग्लोबल यंग ऑथर्स क्लब में शामिल होने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। उनकी दूसरी किताब “The Dreamer” हाल ही में Bri-Books द्वारा प्रकाशित की गई है, जो बच्चों को क्रिएटिव राइटिंग सिखाने और उनकी रचनाओं को वैश्विक मंच देने वाला एक प्रमुख प्लेटफॉर्म है।
ईशान, जो कि हेरिटेज इंटरनेशनल एक्सपीरिएंशियल स्कूल में कक्षा 5 के छात्र हैं, पढ़ाई के साथ-साथ लेखन और गायन में भी गहरी रुचि रखते हैं। उन्होंने मात्र 10 वर्ष की आयु में अपनी पहली पुस्तक “Catto Chronicles – The Old Age” प्रकाशित कर अपनी लेखन यात्रा की शुरुआत की थी।
उनकी नई पुस्तक “The Dreamer” को जूरी द्वारा विशेष सराहना मिली है। इसी के चलते उन्हें ‘Quill Vanguard League’ के लिए चुना गया और वह टॉप-3 में अपनी जगह बनाने में सफल रहे। उनकी इस उपलब्धि को डिस्कवरी चैनल पर भी प्रदर्शित किया गया, जिससे उनकी पहचान और व्यापक हुई है।

यह पुस्तक एक काल्पनिक कहानी पर आधारित है, जिसमें ईशान ने अपने विचारों और कल्पनाओं को अनोखे ढंग से पिरोया है। कहानी में भूत, राक्षस, पिशाच, यूनिकॉर्न, ड्रैगन, हाइड्रा और रहस्यमयी रात के पहरेदार जैसे पात्रों के साथ उनके साहसिक अनुभवों को दर्शाया गया है। उनकी लेखन शैली सरल, प्रवाहपूर्ण और प्रभावशाली है, जो पाठकों को अंत तक बांधे रखती है।
ईशान की यह कृति न केवल बच्चों के लिए मनोरंजक है, बल्कि उन्हें अपने अनुभवों और कल्पनाओं को लिखने के लिए प्रेरित भी करती है। ऐसे समय में, जब डिजिटल दुनिया और सोशल मीडिया के कारण पढ़ने-लिखने की आदतें कम होती जा रही हैं, ईशान जैसे युवा लेखक नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा बनकर उभर रहे हैं।
ईशान उम्मत की यह सफलता न केवल उनके परिवार और स्कूल के लिए गर्व की बात है, बल्कि पूरे गुड़गांव के लिए भी एक प्रेरणादायक उदाहरण है।


