एयर इंडिया विमान हादसा: अहमदाबाद से लंदन जा रहा विमान उड़ान भरते ही दुर्घटनाग्रस्त, 242 यात्री थे सवार

 गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी भी विमान में थे सवार

 

नई दिल्ली/अहमदाबाद।
एक बड़ी और चिंताजनक खबर सामने आई है। एयर इंडिया का एक बोइंग 787 ड्रीमलाइनर विमान, जो अहमदाबाद से लंदन के लिए रवाना हुआ था, उड़ान भरते ही दुर्घटनाग्रस्त हो गया। यह हादसा शुक्रवार दोपहर 1 बजकर 39 मिनट पर हुआ, जब विमान ने अहमदाबाद एयरपोर्ट के रनवे से उड़ान भरनी शुरू की थी।

हादसे के वक्त विमान में कुल 242 यात्री सवार थे, जिनमें गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी भी शामिल बताए जा रहे हैं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, विमान जैसे ही हवा में उठा, उसमें अचानक धुआं उठता दिखाई दिया। इससे पहले कि कोई कार्रवाई की जा सके, विमान असंतुलित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया।

राहत और बचाव कार्य तेजी से जारी

हादसे की जानकारी मिलते ही एयरपोर्ट प्रशासन ने तत्काल राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया। मौके पर मौजूद दमकल विभाग और आपातकालीन सेवाओं ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को बाहर निकाला। अब तक की जानकारी के अनुसार, 15 से 20 एम्बुलेंस के ज़रिए यात्रियों को निकटवर्ती अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।

गृहमंत्री अमित शाह ने लिया संज्ञान

घटना के बाद केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल से फोन पर बात की और स्थिति की जानकारी ली। शाह ने राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) की चार टीमें तुरंत अहमदाबाद रवाना करने के निर्देश दिए हैं। एनडीआरएफ की टीमें रेस्क्यू ऑपरेशन में अहम भूमिका निभा रही हैं।

स्थिति पर नजर

अब तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि हादसे का मुख्य कारण क्या था। सूत्रों का कहना है कि तकनीकी खराबी से धुआं उठना शुरू हुआ, लेकिन विस्तृत जांच के बाद ही वास्तविक वजह सामने आ सकेगी। एयर इंडिया और नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने इस दुर्घटना की जांच के आदेश जारी कर दिए हैं।

पूर्व मुख्यमंत्री की स्थिति?

विजय रूपाणी की स्थिति को लेकर फिलहाल कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। सूत्रों के अनुसार उन्हें मामूली चोटें आई हैं और उनका इलाज अस्पताल में चल रहा है। एयरपोर्ट प्रशासन और अस्पताल की ओर से जल्द ही विस्तृत स्वास्थ्य बुलेटिन जारी किए जाने की संभावना है।

——-
वरिष्ठ पत्रकार श्री राम की रिपोर्ट

Leave a Comment

What does "money" mean to you?
  • Add your answer