11वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस

“योगः समत्वं उच्यते” – योग से संतुलन, स्वास्थ्य और समाज में समरसता : केशव मौर्या


गाजियाबाद। आज से ठीक 11 वर्ष पूर्व प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहल पर योग को बढ़ावा देने के लिए 21 जून का दिन योग दिवस के रूप में मनाया जाने लगा। जिसे बाद में पूरी दुनिया ने अपनाया और 21 जून का दिन अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के रूप में मनाया जाने लगा।

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर मोहन नगर स्थित आई.टी.एस कॉलेज परिसर मे योग अभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम मे हजारों नागरिकों, भाजपा कार्यकर्ताओं व जनप्रतिनिधियों ने भाग लिया।

कार्यक्रम मे उत्तर प्रदेश सरकार के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने स्वयं योग साधकों एवं जनप्रतिनिधियों के साथ योगाभ्यास किया और योग के महत्व पर प्रेरक संदेश दिया। उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा की योग से युग बदलेगा। योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि भारत की आत्मा है। हमारी ऋषि परंपरा, आत्म-संयम और आंतरिक विकास का अमूल्य उपहार, जिसे आज पूरे विश्व ने अपनाया है। उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने एक पेड़ मां के नाम अभियान को गति देने के उद्देश्य से प्रांगण में पौधा लगाया और कहा वृक्ष ही जीवन है वृक्ष ही प्रकृति का संरक्षण है। वृक्ष लगाए वृक्ष बचाएं।


इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री सुनील शर्मा ने कहा की यह आयोजन गाजियाबाद की संगठनात्मक जीवंतता, अनुशासन और जनसहभागिता का प्रतीक है। योग को अपनाना हर नागरिक की जीवनशैली का हिस्सा बनना चाहिए। सांसद अतुल गर्ग ने कहा की गाजियाबाद के 360 शक्ति केन्द्रों पर एक साथ योग कराना अभूतपूर्व प्रयास है। यह आयोजन प्रधानमंत्री के ‘योग से सहयोग’ के विचार को साकार करता है।
महापौर सुनीता दयाल ने कहा की नगर निगम जनजागरण के माध्यम से नागरिकों को योग से जोड़ने का कार्य कर रहा है। आज का आयोजन हमारी सामूहिक चेतना और स्वास्थ्य-केन्द्रित सोच को मजबूत करता है।

भाजपा महानगर अध्यक्ष मयंक गोयल ने कहा की गाजियाबाद के कोने-कोने में आज योग की चेतना फूटी है। यह केवल स्वास्थ्य का नहीं, संगठन और समाज सेवा का भी पर्व है। हम प्रधानमंत्री के ‘योग से सहयोग’ के संदेश को निरंतर जन-जन तक पहुंचाते रहेंगे।

कार्यक्रम में आए अन्य अतिथियों में मुख्य रूप से
विधायकगण संजीव शर्मा, नंदकिशोर गुर्जर, प्रदेश मंत्री बसंत त्यागी, राज्य मंत्री दर्जा प्राप्त अशोक गोयल, भाजपा पश्चिम उत्तर प्रदेश के उपाध्यक्ष मानसिंह गोस्वामी, पूर्व महापौर श्रीमती आशा शर्मा, पूर्व महानगर अध्यक्ष अजय शर्मा एवं समाजसेवी उपस्थित रहे।

——————–
वरिष्ठ पत्रकार श्री राम की रिपोर्ट

Leave a Comment