गाजियाबाद में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने किया यशोदा मेडिसिटी अस्पताल का भव्य उद्घाटन

कहा– नारीशक्ति और सेवा भावना का अनूठा प्रतीक बनेगा यह संस्थान

गाजियाबाद
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने रविवार को गाजियाबाद के इंदिरापुरम स्थित यशोदा मेडिसिटी सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल का उद्घाटन किया। आधुनिकतम तकनीकों से लैस और 1200 बेड क्षमता वाले इस विशाल अस्पताल के उद्घाटन समारोह में देश की शीर्ष हस्तियां शामिल हुईं।

राष्ट्रपति मुर्मू ने अस्पताल की सराहना करते हुए कहा कि “यह केवल एक चिकित्सा केंद्र नहीं, बल्कि उत्तर भारत की नई पहचान बनने जा रहा है। डॉ. पी.एन. अरोड़ा ने अपनी मां के नाम पर इस अस्पताल की स्थापना कर नारीशक्ति के सम्मान और सेवा की भावना को मूर्त रूप दिया है। यह समाज में संवेदना और संस्कार की मिसाल है।”

उन्होंने कहा कि भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प केवल सरकार के प्रयासों से नहीं, बल्कि 140 करोड़ नागरिकों के सहयोग से ही पूरा हो सकता है। स्वास्थ्य सेवाओं को सुलभ बनाना सरकार की प्राथमिकता है, परंतु निजी संस्थानों की भागीदारी भी उतनी ही महत्वपूर्ण है। यशोदा मेडिसिटी इस दिशा में एक अनुकरणीय कदम है।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह बोले — “आज गाजियाबाद में लिखी गई एक नई कहानी”

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि गाजियाबाद में आज इतिहास रचा गया है। उन्होंने कहा, “हर बड़ी यात्रा व्यक्तिगत पीड़ा से शुरू होती है। डॉ. पी.एन. अरोड़ा ने अपनी मां की बीमारी के समय जो दर्द झेला, वही उनके लिए प्रेरणा बन गया। आज वह अपनी संवेदना को समाज सेवा में बदलकर लाखों लोगों को जीवनदान देने का कार्य कर रहे हैं।”

राजनाथ सिंह ने बताया कि “अब इलाज चिंता नहीं, सुविधा बन गया है। प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत योजना जैसी योजनाओं ने आम लोगों तक इलाज की पहुंच आसान की है। देश में अब तक 10 करोड़ से अधिक नागरिक इस योजना से लाभान्वित हो चुके हैं।” उन्होंने कहा कि वर्तमान में देश में 800 मेडिकल कॉलेज और 20 हजार से अधिक मेडिकल सीटें हैं, जो स्वास्थ्य क्षेत्र की ऐतिहासिक प्रगति को दर्शाता है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किया स्वागत

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राष्ट्रपति मुर्मू का स्वागत करते हुए कहा कि “राष्ट्रपति का जीवन इस बात का प्रेरक उदाहरण है कि शून्य से शिखर तक की यात्रा कैसे की जाती है।” उन्होंने कहा कि यशोदा मेडिसिटी उत्तर प्रदेश और एनसीआर क्षेत्र के लिए एक बड़ा निवेश है।

सीएम ने बताया कि “वर्ष 2022 में डॉ. पी.एन. अरोड़ा ने इस परियोजना के लिए एमओयू साइन किया था। आज यह सपना साकार हुआ है। इससे 5000 से अधिक लोगों को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार मिलेगा।”

योगी ने आगे कहा कि “पिछले 11 वर्षों में भारत ने स्वास्थ्य क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं। पिछले साढ़े आठ वर्षों में उत्तर प्रदेश में 42 मेडिकल कॉलेज और दो एम्स स्थापित किए गए हैं। यशोदा मेडिसिटी ने यह साबित किया है कि सेवा की भावना से किया गया कार्य केवल इलाज नहीं, बल्कि उम्मीद भी देता है।”

कार्यक्रम में हुआ सम्मान समारोह

इस अवसर पर यशोदा मेडिसिटी के प्रबंध निदेशक डॉ. पी.एन. अरोड़ा ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और केंद्रीय मंत्रियों को स्मृति चिन्ह भेंटकर सम्मानित किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, चिकित्सक, समाजसेवी और शहर के गणमान्य लोग मौजूद रहे।

अस्पताल में अत्याधुनिक सुविधाओं के साथ कैंसर, हृदय रोग, न्यूरो साइंस, ऑर्थोपेडिक और आपात चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। यह अस्पताल एनसीआर ही नहीं बल्कि पूरे उत्तर भारत के लिए एक बड़ा चिकित्सा केंद्र बनने की दिशा में अग्रसर है।

——–

 वरिष्ठ पत्रकार श्री राम की रिपोर्ट

 

Leave a Comment