– जिला मुख्यालय पर राष्ट्रपति के नाम सौंपा दिया ज्ञापन
–महंगाई और गैस की किल्लत से आम जनता व छोटे कारोबारियों पर बढ़ा आर्थिक संकट: विजय शर्मा

गाजियाबाद।
देश में बढ़ती महंगाई, एलपीजी गैस सिलेंडर के दामों में वृद्धि और गैस की कथित किल्लत के विरोध में आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने शनिवार को जिला मुख्यालय पर जोरदार प्रदर्शन किया। वरिष्ठ नेता व राज्यसभा सांसद संजय सिंह के आवाह्न पर प्रदेशभर में हुए इस विरोध प्रदर्शन के तहत गाजियाबाद में जिला उपाध्यक्ष विजय शर्मा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन जिला प्रशासन को सौंपा।
प्रदर्शन के दौरान पार्टी नेताओं ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार की गलत आर्थिक नीतियों के कारण देश की आम जनता महंगाई और आर्थिक संकट से जूझ रही है। साथ ही गैस सिलेंडरों की भारी किल्लत के चलते लोगों को फिर से लाइनों में लगने की नौबत आ गई है।
जिला उपाध्यक्ष विजय शर्मा ने कहा कि हाल ही में घरेलू एलपीजी सिलेंडर के दामों में 60 रुपये और कमर्शियल सिलेंडर के दामों में 120 रुपये की बढ़ोतरी ने आम लोगों और छोटे व्यापारियों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। उन्होंने कहा कि होटल, ढाबा, रेस्टोरेंट और स्ट्रीट फूड से जुड़े लाखों छोटे कारोबारियों के सामने गंभीर आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि ऊर्जा क्षेत्र में निजी कंपनियों को लाभ पहुंचाने वाली नीतियों के कारण गैस की कीमतों में वृद्धि हो रही है और इसका सीधा असर आम नागरिकों तथा छोटे उद्योगों पर पड़ रहा है। पार्टी ने मांग की कि घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में की गई वृद्धि को तुरंत वापस लिया जाए और गरीब व मध्यम वर्गीय परिवारों को रसोई गैस पर विशेष सब्सिडी दी जाए।
इस मौके पर प्रदेश प्रवक्ता तरुणिमा श्रीवास्तव, मुकेश प्रजापति, जतिन शर्मा, स्वतंत्र यादव, एसपी सिसोदिया, पीयूष राठी, कृष्णा झा, रजनीश तेवतिया, रविंद्र कुमार, कुशल गोयत, संजय सिंह, सोढ़ी सिंह और अखिलेश कुमार गौतम सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।
—-
वरिष्ठ पत्रकार श्री राम की रिपोर्ट