7 पदों के लिए 20 प्रत्याशी मैदान में, 576 अधिवक्ता करेंगे मतदान

गाजियाबाद। तहसील बार एसोसिएशन गाजियाबाद (पंजी.) सदर तहसील का वार्षिक चुनाव 2026-27 आज शुक्रवार को संपन्न होगा। चुनाव में कुल सात पदों के लिए 20 प्रत्याशी मैदान में हैं। चुनाव को लेकर अधिवक्ताओं में उत्साह का माहौल है। कुल 576 अधिवक्ता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।

मुख्य चुनाव अधिकारी एडवोकेट लोमेश भाटी ने बताया कि मतदान प्रातः 10 बजे से सायं 4 बजे तक कराया जाएगा, जबकि सायं 5 बजे से मतगणना प्रारंभ होगी और उसी दिन परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे। निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण चुनाव संपन्न कराने हेतु सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूर्ण कर ली गई हैं।
अध्यक्ष से लेकर कार्यकारिणी तक रोचक मुकाबला
अध्यक्ष पद के लिए मनोज कुमार शर्मा होदिया, अशोक कुमार वर्मा एवं अरुण कुमार चौधरी के बीच त्रिकोणीय मुकाबला है। सचिव पद पर दीपक वाष्र्णेय एवं विशाल सिरोही आमने-सामने हैं। उपाध्यक्ष पद के लिए विजय कसाना एवं शौकेन्द्र कुमार चौहान, सह सचिव पद के लिए महेन्द्र शर्मा एवं सुशान्त कुमार जोनी के बीच मुकाबला है।
सांस्कृतिक सचिव पद पर गुलिस्ता, रश्मि सिन्हा एवं वसीम खान मैदान में हैं, जबकि कोषाध्यक्ष पद पर हर्षित शर्मा मन्नू एवं ब्रजेश यादव के बीच सीधी टक्कर है। कार्यकारिणी सदस्य पद के लिए सागर शर्मा, दीपक चौहान, गजराज सिंह, पूजा अरोड़ा एवं विवेक कुमार गुप्ता चुनाव लड़ रहे हैं।

अंतिम चरण में तेज हुआ प्रचार, सुरक्षा के कड़े इंतजाम
गुरुवार को प्रचार के अंतिम दिन प्रत्याशियों ने सदर तहसील परिसर में अधिवक्ताओं से संपर्क कर समर्थन मांगा। प्रत्याशियों ने बार एसोसिएशन के विकास, अधिवक्ताओं की सुविधाओं में सुधार तथा समस्याओं के समाधान को प्राथमिकता देने का भरोसा दिलाया।
रामानंद गोयल ने बताया कि तहसील बार चुनाव सदैव शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न होते हैं। प्रशासन द्वारा व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई है, जिससे मतदान एवं मतगणना प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता के साथ संपन्न हो सके।
—


