टी20 वर्ल्ड कप 2026:

नई दिल्ली। टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चिर-प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को एकतरफा मुकाबले में 61 रन से मात देकर जीत की हैट्रिक पूरी की और सुपर-8 में शान के साथ प्रवेश किया। इस मुकाबले में इशान किशन की धमाकेदार पारी ने मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया, जिसके लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
पाकिस्तान ने टॉस जीतकर भारत को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए टीम इंडिया ने निर्धारित 20 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 175 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। भारतीय पारी की रीढ़ इशान किशन रहे, जिन्होंने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए पाकिस्तान के गेंदबाजों पर दबाव बनाए रखा और टीम को सम्मानजनक लक्ष्य तक पहुंचाया।
176 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान की टीम भारतीय गेंदबाजों के सामने पूरी तरह बिखर गई और 18 ओवर में मात्र 114 रन पर सिमट गई। भारतीय गेंदबाजों ने अनुशासित गेंदबाजी करते हुए नियमित अंतराल पर विकेट झटके, जिससे पाकिस्तान की पारी संभल नहीं सकी।
इस जीत के साथ भारत ने टी20 वर्ल्ड कप में पाकिस्तान के खिलाफ अपना अब तक का सबसे बड़ा स्कोर बनाया, वहीं रन के अंतर से यह टी20 क्रिकेट में पाकिस्तान पर भारत की सबसे बड़ी जीत भी साबित हुई। इस शानदार प्रदर्शन ने भारतीय टीम के आत्मविश्वास को और बढ़ा दिया है और सुपर-8 चरण में उसकी दावेदारी को मजबूत कर दिया है।
—-
वरिष्ठ पत्रकार श्री राम की रिपोर्ट


