अशोक कुमार वर्मा अध्यक्ष, दीपक वार्ष्णेय सचिव निर्वाचित

गाजियाबाद तहसील बार एसोसिएशन चुनाव 2026–27:

गाजियाबाद। तहसील बार एसोसिएशन गाजियाबाद पंजी. सदर तहसील का वार्षिक चुनाव 2026–27 शुक्रवार को भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। चुनाव को लेकर अधिवक्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। कुल 561 अधिवक्ताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग कर लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भागीदारी निभाई। सात पदों के लिए कुल 20 प्रत्याशी चुनाव मैदान में थे। देर रात तक चली मतगणना के बाद परिणाम घोषित किए गए।

अध्यक्ष पद पर अशोक कुमार वर्मा ने जीत दर्ज की, जबकि सचिव पद पर दीपक वार्ष्णेय को निर्वाचित घोषित किया गया। उपाध्यक्ष पद पर विजय कसाना, सहसचिव पद पर सुशांत कुमार और कोषाध्यक्ष पद पर ब्रजेश यादव ने सफलता प्राप्त की। कार्यकारिणी सदस्य के रूप में दीपक चौहान, विवेक त्यागी, सागर शर्मा, विवेक गुप्ता और गजराज निर्वाचित हुए।

चुनाव परिणाम घोषित होते ही अधिवक्ताओं में खुशी की लहर दौड़ गई। शनिवार को तहसील की छुट्टी होने के बावजूद बड़ी संख्या में अधिवक्ता एवं सामाजिक लोग तहसील परिसर पहुंचे और नवनिर्वाचित अध्यक्ष, सचिव सहित पूरी कार्यकारिणी को बधाई दी। सभी निर्वाचित पदाधिकारियों को माला पहनाकर तथा मिठाई खिलाकर उनका अभिनंदन किया गया।

नवनिर्वाचित अध्यक्ष अशोक कुमार वर्मा ने सभी अधिवक्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे बार एसोसिएशन के हित में पूरी निष्ठा और ईमानदारी से कार्य करेंगे। सचिव दीपक वार्ष्णेय ने कहा कि अधिवक्ताओं की समस्याओं के समाधान और बार की गरिमा बनाए रखने के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा।

चुनाव प्रक्रिया को सफलतापूर्वक संपन्न कराने में चुनाव अधिकारियों, पुलिस प्रशासन और सहयोगी कर्मचारियों की भूमिका सराहनीय रही। शांतिपूर्ण मतदान और निष्पक्ष मतगणना से अधिवक्ताओं में विश्वास और उत्साह का माहौल बना रहा।

—-

 वरिष्ठ पत्रकार श्री राम की रिपोर्ट

Leave a Comment