
पिलखुवा (सुशील कुमार शर्मा)। पिलखुवा मंडी की प्रतिभाशाली बेटी प्रस्तुति शर्मा ने नागालैंड में शिक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान देकर अपने शहर और प्रदेश का नाम गौरवान्वित किया है। प्रस्तुति शर्मा हिंदी अकादमी, दिल्ली के पूर्व उपसचिव एवं आकाशवाणी उद्घोषक ऋषि कुमार शर्मा की पुत्री तथा सुप्रसिद्ध समाजसेवी मनोज कुमार शर्मा ‘जॉनी’ की भतीजी हैं।
प्रस्तुति शर्मा को भारत सरकार की राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए नागालैंड के सभी 17 जिलों में कार्य करने का दायित्व सौंपा गया है। वह पिछले तीन महीनों से नागालैंड के शिक्षा मंत्रालय के साथ समन्वय स्थापित कर इस दिशा में सक्रिय भूमिका निभा रही हैं।

19 जून को कोहिमा स्थित राज्य सचिवालय के सभागार में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में प्रस्तुति शर्मा और उनकी टीम ने लगभग 300 अधिकारियों, शिक्षाविदों, पत्रकारों, शोधार्थियों तथा प्रशासनिक अधिकारियों के समक्ष राष्ट्रीय शिक्षा नीति- 2020 के विभिन्न आयामों और उसके प्रभावी क्रियान्वयन की रूपरेखा पर विस्तृत प्रस्तुति दी।
इस अवसर पर नागालैंड सरकार में स्कूल शिक्षा एवं एससीईआरटी के सलाहकार डॉ. केख्रिलहोलिये यहोमे ने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के माध्यम से नागालैंड को देश की मुख्यधारा से और अधिक सशक्त रूप से जोड़ने का संकल्प लिया गया है। उन्होंने राज्य में इस नीति को शीघ्र लागू करने की प्रतिबद्धता व्यक्त करते हुए प्रस्तुति शर्मा और उनकी टीम के प्रयासों की सराहना की तथा उन्हें बधाई दी।

प्रस्तुति शर्मा प्रारम्भ से ही मेधावी छात्रा रही हैं। उन्होंने बारहवीं कक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन के बाद दिल्ली विश्वविद्यालय के किरोड़ीमल कॉलेज से स्नातक की शिक्षा प्राप्त की। इसके उपरांत उन्हें चीन में शोध कार्य के लिए एक वर्ष की छात्रवृत्ति प्राप्त हुई। शोध कार्य पूर्ण करने के बाद उन्हें असम सरकार के शिक्षा विभाग में सलाहकार के रूप में कार्य करने का अवसर मिला।
राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के क्रियान्वयन में उल्लेखनीय योगदान के लिए नागालैंड सरकार के शिक्षा मंत्रालय द्वारा प्रस्तुति शर्मा और उनकी टीम को विशेष रूप से सम्मानित एवं प्रोत्साहित किया गया। कोहिमा में आयोजित इस भव्य कार्यक्रम में उनके परिवार के सदस्य भी उपस्थित रहे।
पिलखुवा की बेटी की इस उपलब्धि से पूरे नगर में हर्ष और गर्व का वातावरण है। उनके परिजन, मित्र, शुभचिंतक और क्षेत्र के गणमान्य नागरिक प्रस्तुति शर्मा की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त कर रहे हैं तथा इसे नगर के लिए गौरव का विषय मान रहे हैं।
———————


