राज्य स्तरीय बैडमिंटन चैंपियनशिप में सेमीफाइनल मुकाबलों में खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम

फाइनल में जगह बनाने के लिए खिलाड़ियों के बीच कड़ा मुकाबला, 24 अक्टूबर तक चलेगी प्रतियोगिता

 

गाजियाबाद। योनेक्स-सनराइज डॉ. अखिलेश दास गुप्ता मेमोरियल उत्तर प्रदेश राज्य सीनियर बैडमिंटन चैंपियनशिप-2026 में शुक्रवार को विभिन्न वर्गों के क्वार्टर फाइनल और सेमीफाइनल मुकाबले खेले गए। खिलाड़ियों ने शानदार खेल कौशल और तकनीक का प्रदर्शन करते हुए फाइनल में जगह बनाने के लिए पूरा दमखम लगाया। रोमांचक मुकाबलों के चलते प्रतियोगिता का उत्साह बढ़ गया।

पुरुष एकल के सेमीफाइनल में लखनऊ के सिद्धार्थ मिश्रा ने उत्तर प्रदेश पुलिस के राजन यादव को सीधे गेम में 15-6, 15-7 से पराजित किया। एक अन्य मुकाबले में नीर नेहवाल ने हर्षित तोमर को कड़े संघर्ष के बाद 15-12, 11-15, 17-15 से हराया। महिला एकल में दिव्यांशी गौतम ने तरनजीत कौर को 15-12, 15-12 से पराजित कर जीत दर्ज की। मिश्रित युगल के सेमीफाइनल में अश्मित सिंह और रिद्धि भारद्वाज की जोड़ी ने अर्चित सिन्हा और विभूति सिन्हा की जोड़ी को 15-9, 15-9 से हराया।

क्वार्टर फाइनल मुकाबलों में भी खिलाड़ियों ने दमदार प्रदर्शन किया। पुरुष एकल में नीर नेहवाल ने देवांग तोमर को 6-15, 15-7, 16-14 से हराया, जबकि राजन यादव ने आयुष मिश्रा को 15-7, 15-13 से पराजित किया। महिला एकल में काजल पंवार ने नेहा पाल को 15-13, 15-13 से हराया। दिव्यांशी गौतम ने भी जीत दर्ज की। मिश्रित युगल में अभ्यांश सिंह और रिधिमा सिंह तथा प्रदीप चौधरी और समीक्षा त्यागी की जोड़ियों ने अपने मुकाबले जीते।

गाजियाबाद बैडमिंटन एसोसिएशन के सचिव नरेंद्र शर्मा ने बताया कि प्रतियोगिता का उद्देश्य प्रदेश के वरिष्ठ खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर देना है। इस अवसर पर एसोसिएशन की अध्यक्ष अंजुल अग्रवाल, राहुल गोयल, अंतरराष्ट्रीय प्रशिक्षक अमित शर्मा, आदित्य त्यागी, हिमांशु गोयल, राजीव मलिक, राज पालीवाल, सुमित कुमार और निर्दोष शर्मा सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। प्रतियोगिता 20 से 24 अक्टूबर तक आयोजित की जा रही है।

—-

वरिष्ठ पत्रकार श्री राम की रिपोर्ट

Leave a Comment