यात्री जी का लेखक निर्भिक यात्रा का प्रमाण है: विभूति नारायण राय

ग़ाज़ियाबाद। कथाकार से. रा. यात्री को समर्पित ‘कथा संवाद’ को संबोधित करते हुए वरिष्ठ साहित्यकार ममता कालिया ने कहा कि यात्री जी की संवेदनशीलता उनके लेखन में ही नहीं बल्कि उनके निजी जीवन और व्यवहार में भी परिलक्षित होती है। उन्होंने कहा कि यात्री जी के लेखन और निजी जीवन में साम्यता ही उनकी विशिष्टता है। वरिष्ठ साहित्यकार विभूति नारायण राय ने कहा कि यात्री जी का लेखक उनकी निर्भीक यात्रा का प्रमाण है। वरिष्ठ साहित्यकार अशोक मैत्रेय ने अपने लंबे अनुभव साझा करते हुए कहा कि अपने लेखन में यात्री जी ने सामान्य मनुष्य के जीवन संघर्ष, संवेदना और बदलते सामाजिक यथार्थ को अत्यंत प्रामाणिकता के साथ अभिव्यक्त किया है।

से. रा. यात्री की जयंती पर आयोजित कथा संवाद में डॉ. बीना शर्मा ने उनकी कहानी ‘आकाशचारी’ का वाचन किया। साहित्यकार कमलेश भट्ट ‘कमल’ व अशोक मिश्र, वरिष्ठ पत्रकार नवोदित, रंगकर्मी अक्षयवर नाथ श्रीवास्तव व अनिल शर्मा ने भी यात्री जी के साथ अपने अनुभव साझा किए। कमलेश्वर भट्ट ‘कमल’ की पुस्तक ‘किताबों की जगमग दुनिया’ के लोकार्पण पर प्रकाशक राहुल शिवाय ने पुस्तक का मर्म श्रोताओं से साझा किया। ‘कथा रंग’ द्वारा विविध वर्षों में आयोजित कहानी प्रतियोगिता के विजेताओं वंदना वाजपेई, सिनीवाली व रिंकल शर्मा को पुरस्कार राशि सौंपी गई।

इस अवसर पर ‘कथा रंग’ के संयोजक आलोक यात्री व निर्णायक मंडल के सदस्य कमलेश भट्ट ‘कमल’ ने वर्ष 2024-25 में आयोजित कथा रंग कहानी प्रतियोगिता के परिणाम भी घोषित किए।
कार्यक्रम के दूसरे सत्र में रेनू अंशुल, डॉ. अजय गोयल, रश्मि वर्मा और शिवराज सिंह की कहानी पर गंभीर विमर्श हुआ। अति विशिष्ट अतिथि डॉ. निधि अग्रवाल ने कहा कि कथा संवाद जैसे कि कार्यक्रम रचनाकारों को संवारने, मांजने और गढ़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। सुनी गई कहानियों पर सुभाष चंदर, सुरेंद्र सिंघल, बख्तावर हनीफ, सिनीवाली, विनय विक्रम सिंह, प्रदीप भट्ट, वागीश शर्मा आदि ने अपने विचार रखे। कार्यक्रम का संचालन आलोक यात्री और रिंकल शर्मा ने संयुक्त रूप से किया। अद्विक प्रकाशन के संचालक अशोक गुप्ता ने ‘कथा रंग’ की भावी योजनाओं पर प्रकाश डाला।
इस अवसर पर आलोक यादव, वी. के. शेखर, रवि पाराशर, डॉ. रत्नापन्निकर, डॉ. वीना मित्तल, सरवर हसन, सुभाष अखिल, प्रताप सिंह, आलोक शुक्ला, डॉ. सुधीर त्यागी, डॉ. ईश्वर सिंह तेवतिया, अनिमेष शर्मा ‘आतिश’, तुलिका सेठ, राधा रमण, प्रवीण त्रिपाठी, डॉ. संजय शर्मा, डॉ. माला शर्मा, अविनाश शर्मा, शकील अहमद, तेजवीर सिंह, पराग कौशिक, टेकचंद, डॉ. शकीला बानो, राजीव शर्मा, आशु गोस्वामी, प्रभात चौधरी, मनीषा गुप्ता व जोया सहित बड़ी संख्या में श्रोता उपस्थित थे।


