
गाज़ियाबाद। पुलिस महानिदेशक पीएसी आलोक सिंह (IPS) ने 26 अक्टूबर को 47वीं वाहिनी पीएसी गाज़ियाबाद का भ्रमण एवं निरीक्षण किया गया। इस अवसर पर पुलिस उपमहानिरीक्षक पीएसी मेरठ सेक्टर श्रीमती कल्पना सक्सेना (IPS) तथा सेनानायक 47वीं वाहिनी पीएसी गाज़ियाबाद श्रीमती चारु निगम (IPS) भी उपस्थित रहीं।

डीजी पीएसी आलोक सिंह ने भ्रमण के दौरान सर्वप्रथम वाहिनी क्वार्टर गार्द पर सलामी ग्रहण की। तत्पश्चात उन्होंने वाहिनी के विभिन्न प्रतिष्ठानों एवं जनसुविधाओं का निरीक्षण किया। इस क्रम में मयूर संरक्षण केंद्र, जिम्नेजियम हॉल, बैडमिंटन हॉल, गृहिणी लाइन (एफ ब्लॉक एवं साधना ब्लॉक), वाहिनी चिकित्सालय, बार्बर शॉप, परिवहन शाखा, आरटीसी क्लास रूम एवं कार्यालय, सीपीसी कैंटीन, जी+11 एवं जी+9 बैरक तथा भोजनालय का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।

भ्रमण निरीक्षण के दौरान वाहिनी चिकित्सालय में रक्तदान शिविर का भी आयोजन किया गया। जिसमें रक्तदान करने वाले प्रतिभागियों को पुलिस महानिदेशक, पीएसी आलोक सिंह (IPS) द्वारा प्रोत्साहित किया गया। उन्होंने रक्तदान को मानवता की सेवा का महत्वपूर्ण माध्यम बताते हुए रक्तदाताओं के इस पुनीत कार्य की सराहना की।
इस दौरान पुलिस महानिदेशक पीएसी द्वारा वाहिनी परिसर में नवसृजित म्यूजियम का उद्घाटन किया गया। म्यूजियम उद्घाटन के पश्चात DIG पीएसी मेरठ सेक्टर श्रीमती कल्पना सक्सेना (IPS) एवं सेनानायक श्रीमती चारु निगम (IPS) द्वारा पर्यावरण संरक्षण एवं मातृ सम्मान के संदेश को जन-जन तक पहुँचाने के उद्देश्य से “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के अंतर्गत वाहिनी परिसर में वृक्षारोपण किया गया।
इसके पश्चात पुलिस महानिदेशक, पीएसी महोदय द्वारा वाहिनी के अधिकारियों एवं कर्मचारियों का सम्मेलन लिया गया। सम्मेलन को संबोधित करते हुए उन्होंने पीएसी बल के महत्व, दायित्वों एवं कार्यप्रणाली पर विस्तार से प्रकाश डाला। साथ ही, उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पूर्ण निष्ठा, अनुशासन एवं समर्पण के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने तथा कार्यक्षमता एवं व्यावसायिक दक्षता को निरंतर बेहतर बनाए रखने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

इस अवसर पर अखिल भारतीय खेल प्रतियोगिता में पदक अर्जित कर वाहिनी का गौरव बढ़ाने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। इसके अतिरिक्त, वाहिनी में कार्यरत अस्थायी चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को प्रोत्साहन एवं कल्याण के उद्देश्य से कंबल वितरित किए गए।
भ्रमण एवं निरीक्षण के दौरान उपसेनानायक बी.एस. वीर कुमार, वाहिनी चिकित्साधिकारी नरेश पाल सिंह, शिविरपाल सुरेंद्र कुमार, सूबेदार सैन्य सहायक सत्यबीर सिंह, सहायक शिविरपाल राजपाल सिंह सहित वाहिनी के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।


