जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट का पीएम मोदी ने किया उद्घाटन

पीएम मोदी बोले— विकसित उत्तर प्रदेश की उड़ान का प्रतीक बनेगा

-पहले चरण में दिन में ही उड़ानें, भविष्य में एशिया का सबसे बड़ा एयरपोर्ट बनने की तैयारी

नोएडा/जेवर।

नरेंद्र मोदी ने  बहुप्रतीक्षित जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट का भव्य उद्घाटन किया। करीब 11,200 करोड़ रुपये की लागत से तैयार इस एयरपोर्ट पर फिलहाल दिन के समय ही फ्लाइट्स का संचालन शुरू किया जाएगा, जबकि आने वाले समय में चरणबद्ध तरीके से घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों का विस्तार किया जाएगा। पूर्ण संचालन शुरू होने के बाद यह एयरपोर्ट भारत ही नहीं, बल्कि एशिया का सबसे बड़ा इंटरनेशनल एयरपोर्ट बनने की क्षमता रखता है, जिसकी सालाना यात्री क्षमता लगभग 7 करोड़ बताई जा रही है।


विकसित उत्तर प्रदेश की नई पहचान: पीएम मोदी
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि यह उनके लिए गर्व और प्रसन्नता का क्षण है। उन्होंने कहा कि जिस उत्तर प्रदेश ने उन्हें प्रतिनिधि और सांसद बनाया, उसी प्रदेश की पहचान अब इस भव्य एयरपोर्ट से भी जुड़ेगी।
पीएम ने कहा कि यह एयरपोर्ट आगरा, मथुरा, अलीगढ़, गाजियाबाद, मेरठ, इटावा, बुलंदशहर और फरीदाबाद समेत पूरे पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लिए विकास का नया द्वार खोलेगा। यह किसानों, लघु एवं छोटे उद्योगों और युवाओं के लिए नए अवसर प्रदान करेगा। उन्होंने इसे “विकसित उत्तर प्रदेश की उड़ान का प्रतीक” बताया।


जनता के हाथों कराया उद्घाटन, बताया ‘जनता की अमानत’
समारोह के दौरान पीएम मोदी ने एक अनोखी पहल करते हुए उपस्थित लोगों से अपने मोबाइल फोन की फ्लैश लाइट जलाने का आग्रह किया। इसके बाद उन्होंने कहा कि अब यहां मौजूद हर व्यक्ति इस एयरपोर्ट का उद्घाटन कर रहा है।
उन्होंने कहा कि यह एयरपोर्ट जनता की अमानत है और इसका श्रेय भी जनता को ही जाता है। इस कदम से कार्यक्रम में मौजूद लोगों में खास उत्साह देखने को मिला।


क्षेत्रीय विकास को मिलेगी नई रफ्तार
प्रधानमंत्री ने कहा कि जेवर एयरपोर्ट से न सिर्फ उत्तर प्रदेश बल्कि पूरे देश को लाभ होगा। यह एयरपोर्ट पश्चिमी यूपी के औद्योगिक विकास, कृषि उत्पादों के निर्यात और रोजगार के नए अवसरों को बढ़ावा देगा। साथ ही यह अंतरराष्ट्रीय कनेक्टिविटी को मजबूत करेगा।


कठिन समय में पीएम ने देश को संभाला: योगी आदित्यनाथ
योगी आदित्यनाथ ने समारोह में कहा कि वैश्विक स्तर पर तेल की कीमतों के कारण संकट की स्थिति बनी हुई है, लेकिन ऐसे समय में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक्साइज ड्यूटी घटाकर देशवासियों को राहत दी है।
उन्होंने कहा कि जेवर एयरपोर्ट उत्तर प्रदेश के विकास को नई ऊंचाइयों पर ले जाएगा।


देश के विकास में जोड़ेगा नई बुलंदियां: राममोहन नायडू
केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राममोहन नायडू ने कहा कि जेवर एयरपोर्ट देश के विकास में मील का पत्थर साबित होगा।
उन्होंने प्रधानमंत्री की नीतियों और दृष्टिकोण की सराहना करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में भारत लगातार नई ऊंचाइयों को छू रहा है और उत्तर प्रदेश “उत्तम प्रदेश” बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।


चरणबद्ध तरीके से बढ़ेगा संचालन
फिलहाल एयरपोर्ट पर सीमित उड़ानों के साथ संचालन शुरू किया गया है। आने वाले समय में यहां घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों का विस्तार किया जाएगा। पूरी क्षमता से संचालन शुरू होने पर यह एयरपोर्ट वैश्विक स्तर पर भारत की पहचान को और मजबूत करेगा।


 वरिष्ठ पत्रकार श्री राम की रिपोर्ट

Leave a Comment