
गाज़ियाबाद। गाज़ियाबाद विकास प्राधिकरण के अधीन एक्सप्रेस मार्केट अंबेडकर रोड में कॉमन एरिया की बाउंड्री वॉल को क्षतिग्रस्त किए जाने तथा वहां से ईंटें चुराये जाने की घटना को लेकर दुकानदारों एवं नागरिकों में रोश व्याप्त है । इस घटना ने न केवल सार्वजनिक संपत्ति की सुरक्षा पर प्रश्नचिह्न लगाया है बल्कि मार्केट परिसर में बार-बार होने वाली कथित चोरी एवं अतिक्रमण की घटनाओं को भी उजागर किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, एक्सप्रेस मार्केट के कॉमन एरिया में स्थित बाउंड्री वॉल को तोड़कर वहां से ईंटें चुराई जाने का मामला सामने आया है। पुलिस को सूचना देने के बाद अभी कोई कार्यवाही नहीं हुई है घटना के संबंध में स्थानीय लोगों का कहना है कि कॉमन एरिया की बाउंड्री सार्वजनिक संपत्ति का हिस्सा है और उसे बिना किसी सक्षम प्राधिकरण की अनुमति के तोड़ना नियमों के विपरीत है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, यह पहली घटना नहीं है। उनका दावा है कि पूर्व में भी मार्केट परिसर से सार्वजनिक उपयोग की सामग्री, निर्माण सामग्री तथा अन्य सामान के गायब होने की घटनाएं सामने आती रही हैं।
दुकानदारों का कहना है कि जी.डी.ए. द्वारा विकसित मार्केट में कॉमन एरिया सभी दुकानदारों एवं आगंतुकों के उपयोग के लिए होता है। ऐसे क्षेत्रों में किसी भी प्रकार का तोड़फोड़ कार्य या निर्माण सामग्री हटाना न केवल सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाता है, बल्कि अन्य दुकानदारों के अधिकारों को भी प्रभावित करता है।
स्थानीय नागरिकों का यह भी कहना है कि मार्केट परिसर में सीसीटीवी कैमरों की प्रभावी निगरानी, नियमित निरीक्षण तथा सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जाना आवश्यक है। उनका मानना है कि यदि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए, तो भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं में वृद्धि हो सकती है और सार्वजनिक संपत्ति को लगातार नुकसान पहुंच सकता है।
पर्यावरण एवं सार्वजनिक संपत्ति संरक्षण से जुड़े सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भी इस घटना पर चिंता व्यक्त की है। उनका कहना है कि सार्वजनिक भूमि, कॉमन एरिया, फुटपाथ, पार्किंग क्षेत्र तथा अन्य साझा सुविधाएं समाज की सामूहिक संपत्ति होती हैं, जिनकी सुरक्षा सुनिश्चित करना प्रशासन की जिम्मेदारी है। किसी भी प्रकार की तोड़फोड़ या अनधिकृत हस्तक्षेप से सार्वजनिक व्यवस्था प्रभावित होती है और इससे आम नागरिकों को असुविधा होती है।


