
गाजियाबाद/लखनऊ: गाजियाबाद के लोनी क्षेत्र की राजनीति में एक बड़ा बदलाव देखने को मिला है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता अनिल कसाना ने पार्टी से एक दशक पुराना नाता तोड़ते हुए समाजवादी पार्टी (सपा) का दामन थाम लिया है। लखनऊ में सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की मौजूदगी में उन्होंने विधिवत रूप से पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।
अखिलेश यादव का तंज— ‘कमल छोड़कर कमल आए हैं’
अनिल कसाना का पार्टी में स्वागत करते हुए सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने अपने चिर-परिचित अंदाज में भाजपा पर तंज कसा। उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा कि “कमल छोड़कर कमल आए हैं हमारी पार्टी में।”
‘जहां सम्मान नहीं, वहां राजनीति करने का कोई मतलब नहीं’
सपा की सदस्यता लेने के बाद अनिल कसाना ने भाजपा छोड़ने के पीछे अपनी नाराजगी खुलकर जाहिर की। उन्होंने कहा कि वे वर्ष 2016 से 2026 तक (करीब 10 साल) पूरी निष्ठा के साथ भारतीय जनता पार्टी में रहे, लेकिन वहां उन्हें वह सम्मान नहीं मिला जिसके वे हकदार थे। उन्होंने दो टूक कहा कि “राजनीति में आत्मसम्मान सबसे महत्वपूर्ण होता है, और जहां सम्मान न मिले, वहां राजनीति करने का कोई औचित्य नहीं रह जाता।”

अखिलेश के नेतृत्व में जताया भरोसा, युवाओं से की अपील
सपा प्रमुख की सराहना करते हुए अनिल कसाना ने कहा कि अखिलेश यादव से मुलाकात के बाद उन्हें यह विश्वास हो गया कि यदि प्रदेश में सक्रिय राजनीति करनी है, तो वह केवल उन्हीं के नेतृत्व में होनी चाहिए। कसाना के मुताबिक, उत्तर प्रदेश का वास्तविक विकास केवल अखिलेश यादव ही कर सकते हैं।
उन्होंने आगे कहा कि अखिलेश यादव ने उन्हें अपना आशीर्वाद दिया है और अब वे जीवनभर उनके साथ मजबूती से खड़े रहने का वादा करते हैं। इस अवसर पर अनिल कसाना ने लोनी क्षेत्र के अपने सभी समर्थकों और युवाओं से भी आह्वान किया कि वे बड़ी संख्या में समाजवादी पार्टी से जुड़कर इसे मजबूत करें।
——–


