छत्रपति शिवाजी महाराज के 353वें राज्याभिषेक वर्ष पर निकलेगी बुलेट वाहिनी, अश्व वाहिनी व सांस्कृतिक प्रस्तुतियां

गाजियाबाद। भारत माता सांस्कृतिक संस्थान के तत्वावधान में 28 जून (रविवार) को बलिदान पथ, नवयुग मार्केट पर हिंदू साम्राज्य दिवस का भव्य एवं सार्वजनिक आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन छत्रपति शिवाजी महाराज के राज्याभिषेक के 353वें वर्ष के उपलक्ष्य में हर वर्ष की भांति आयोजित किया जा रहा है।
संस्थान के महामंत्री मनमीत कुमार ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य छत्रपति शिवाजी महाराज के आदर्शों, राष्ट्रभक्ति, शौर्य एवं जीवन मूल्यों से युवा पीढ़ी को परिचित कराना है। कार्यक्रम सायं 5:30 बजे से प्रारंभ होगा, जबकि अतिथियों एवं आमंत्रितों से सायं 5 बजे तक पहुंचने का आग्रह किया गया है।
कार्यक्रम में निरंजन पीठाधीश्वर श्री श्री 1008 आचार्य महामंडलेश्वर डॉ. स्वामी कैलाशानंद गिरी महाराज का पावन सानिध्य रहेगा। मुख्य वक्ता के रूप में राज्यसभा सांसद डॉ. सुधांशु त्रिवेदी उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता ललित जायसवाल करेंगे।
आयोजकों के अनुसार कार्यक्रम के मुख्य आकर्षणों में महिलाओं की बुलेट वाहिनी, अश्व वाहिनी, खड़्ग वाहिनी का प्रदर्शन तथा छत्रपति शिवाजी महाराज के राज्याभिषेक का मंचन शामिल रहेगा। इसके अलावा शिवाजी महाराज के जीवन पर आधारित क्विज प्रतियोगिता के विजेताओं को सम्मानित किया जाएगा तथा उनके जीवन पर आधारित नृत्य-नाटिका का भी मंचन होगा।
प्रेस वार्ता में न्यास के अध्यक्ष राहुल सिंह, अरुण, सचिन सिंघल, विपुल कुमार, राजेंद्र तथा अमरीश सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
—-


