
गाजियाबाद। 3rd IGF नेशनल गेम्स का आयोजन भगवान राम की नगरी अयोध्या स्थित डॉ. बी आर अंबेडकर इंटरनेशनल स्पोर्ट्स स्टेडियम में 29 से 31 जनवरी 2027 तक होंगे। जिसमे देशभर से लगभग 1000 खिलाड़ियों के भाग लेने की संभावना है। यह आयोजन इंटरनेशनल गेम्स फेडरेशन ऑफ यूनाइटेड वर्ल्ड (IGFUW) द्वारा किया जा रहा है।
प्रतियोगिता के आयोजन अध्यक्ष अनिल कौशिक ने जानकारी देते हुए बताया कि इंटरनेशनल गेम्स फेडरेशन ऑफ यूनाइटेड वर्ल्ड, इंटरनेशनल काउंसिल ऑफ स्पोर्ट्स साइंस एंड फिजिकल एजुकेशन (ICSSPE) की सदस्य संस्था है। इस राष्ट्रीय खेल आयोजन में विभिन्न खेल विधाओं को सम्मिलित किया गया है, जिनमें प्रमुख रूप से कराटे, जीत कुन डो, तीरंदाजी (Archery), क्रॉसबो शूटिंग (Crossbow Shooting), एयर गन शूटिंग (Air Gun Shooting) एवं सिलंबम आदि खेल शामिल हैं।
प्रतियोगिताओं में महिला एवं पुरुष खिलाड़ियों के लिए सब-जूनियर, जूनियर, कैडेट, सीनियर, मास्टर, सीनियर मास्टर तथा सुपर मास्टर वर्गों में प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। जिससे विभिन्न आयु वर्गों के खिलाड़ियों को अपनी खेल प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा।
इस राष्ट्रीय आयोजन में भारत के सभी राज्यों से लगभग 1000 खिलाड़ियों के भाग लेने की संभावना है। देश के विभिन्न राज्यों से खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, निर्णायकों एवं खेल अधिकारियों के अयोध्या पहुंचने की उम्मीद है।
इस संबंध में आयोजन अध्यक्ष अनिल कौशिक एवं आयोजन सचिव डॉ. दया राम भुवन ने एक संयुक्त बयान में बताया कि राष्ट्रीय खेलों की तैयारियां पूरे जोश एवं उत्साह के साथ की जा रही हैं। आयोजन को सफल एवं ऐतिहासिक बनाने के लिए विभिन्न स्तरों पर समितियां गठित कर जिम्मेदारियां सौंपी जा रही हैं। उन्होंने कहा कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य देश में खेलों को बढ़ावा देना, युवा प्रतिभाओं को राष्ट्रीय मंच प्रदान करना तथा विभिन्न खेल विधाओं के खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा एवं कौशल प्रदर्शित करने का अवसर उपलब्ध कराना है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि अयोध्या की पावन धरती पर आयोजित होने वाले ये तृतीय आई.जी.एफ. राष्ट्रीय खेल भारतीय खेल जगत में एक महत्वपूर्ण एवं ऐतिहासिक आयोजन सिद्ध होंगे।


