जिलास्तरीय कार्यक्रम के लिए किया जन- जागरूकता अभियान : निकाली तिरंगा यात्रा

गाजियाबाद। भारत स्वाभिमान ट्रस्ट गाजियाबाद द्वारा 80वें स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित होने वाले जिला स्तरीय मुख्य कार्यक्रम के प्रचार-प्रसार एवं जन-जागरूकता के उद्देश्य से नंदग्राम रोड, मरियम नगर स्थित आरोग्य योगा पार्क एवं आसपास के क्षेत्र में तिरंगा यात्रा निकाली गई। इस तिरंगा यात्रा के माध्यम से स्थानीय नागरिकों को राष्ट्रभक्ति, योग एवं स्वस्थ जीवन का संदेश देते हुए घर-घर संपर्क किया गया तथा लोगों से 15 अगस्त को आयोजित होने वाले स्वतंत्रता दिवस के जिला स्तरीय मुख्य कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने का आग्रह किया गया।

यह तिरंगा यात्रा भारत स्वाभिमान ट्रस्ट गाजियाबाद के संवाद प्रभारी विजेंद्र त्यागी के नेतृत्व में आयोजित की गई। इस अवसर पर पतंजलि परिवार के कार्यकर्ताओं एवं योग साधकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए नागरिकों को स्वतंत्रता दिवस के कार्यक्रम की जानकारी दी और कार्यक्रम को भव्य एवं सफल बनाने के लिए सहयोग का आह्वान किया।


इस कार्यक्रम में पतंजलि योग समिति, युवा भारत, पतंजलि किसान सेवा समिति गाजियाबाद एवं सोशल मीडिया प्रकोष्ठ सहित जिले के सभी पदाधिकारी, योग शिक्षक, कार्यकर्ता एवं साधक अपनी सहभागिता करेंगे। भारत स्वाभिमान ट्रस्ट ने पतंजलि परिवार के सभी पदाधिकारियों, योग शिक्षकों, कार्यकर्ताओं एवं जिले के समस्त योग योद्धाओं से अपील की है कि वे अपने-अपने क्षेत्र से अधिक से अधिक लोगों को साथ लेकर कार्यक्रम में उपस्थित हों और योग, राष्ट्रभक्ति एवं स्वस्थ भारत के संदेश को जन-जन तक पहुँचाने में सहयोग करें।

इस जन-जागरूकता एवं तिरंगा यात्रा कार्यक्रम को सफल बनाने में सौदान सिंह, सहयोग शिक्षक सुरेंद्र पाल त्यागी , अखिलेश त्यागी, दरोगा जी, समर पाल सोलंकी , गिरीश त्यागी , मुकेश गुप्ता, सतीश त्यागी एवं प्रमोद शर्मा ने आयोजन समिति के सदस्य के रूप में अपना महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान किया।

——————-
वरिष्ठ पत्रकार श्री राम की रिपोर्ट

Leave a Comment