रायबरेली: PCS विवेक राजपूत पर आय से अधिक संपत्ति का केस दर्ज

₹70.92 लाख के अतिरिक्त खर्च का मामला

रायबरेली। 2020 बैच के PCS अधिकारी और रायबरेली के SDM विवेक राजपूत के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति के मामले में आगरा विजिलेंस ने मुकदमा दर्ज किया है। नियुक्ति विभाग की जांच के बाद शासन के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई है।

जांच में विवेक राजपूत की वैध स्रोतों से कुल ₹38 लाख 87 हजार 795 की आय सामने आई। वहीं, जांच अवधि के दौरान उनके द्वारा ₹1 करोड़ 9 लाख 80 हजार 420 रुपये खर्च किए जाने का उल्लेख है। इस तरह उनकी ज्ञात आय की तुलना में ₹70 लाख 92 हजार 625 रुपये अधिक खर्च किए जाने का मामला सामने आया।

विजिलेंस जांच के दौरान आय से अधिक खर्च को लेकर विवेक राजपूत से स्पष्टीकरण मांगा गया था। बताया गया है कि वह अपने अतिरिक्त खर्च के संबंध में संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। शासन स्तर पर भी उनका स्पष्टीकरण संतोषजनक नहीं पाया गया, जिसके बाद उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की गई।

विवेक राजपूत 2020 बैच के PCS अधिकारी हैं। वह इससे पहले एटा और फिरोजाबाद में SDM के पद पर तैनात रह चुके हैं। 10 जुलाई 2024 को उन्हें निलंबित किया गया था। इसके बाद 20 नवंबर 2025 को बहाली हुई और बहाली के बाद उन्हें रायबरेली में SDM की जिम्मेदारी दी गई।

अब आय से अधिक खर्च के मामले में विजिलेंस की कार्रवाई के बाद विवेक राजपूत की मुश्किलें बढ़ गई हैं। मामले में आगे की जांच के दौरान आय, संपत्तियों और खर्च से जुड़े दस्तावेजों की भी पड़ताल की जाएगी।

——–     

 वरिष्ठ पत्रकार श्री राम की रिपोर्ट

Leave a Comment