
गाज़ियाबाद। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस-2026 के अवसर पर 47वीं वाहिनी पीएसी गोविन्द पुरम गाज़ियाबाद के परेड ग्राउंड में सेनानायक डॉ. दिनेश यादव (IPS)एवं उपसेना नायक बी एस वीरकुमार के दिशा निर्देशन में “Yoga for Healthy Ageing” थीम के अंतर्गत भव्य योग शिविर का आयोजन किया गया।

योग शिविर में योगाचार्या नीतू चौधरी एवं उनकी टीम द्वारा वाहिनी के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को विभिन्न योगासन एवं प्राणायामों का अभ्यास कराया गया। कार्यक्रम के दौरान सूर्य नमस्कार, ताड़ासन, अर्धचक्रासन, वृक्षासन, वज्रासन, नौकासन, पवनमुक्तासन, सर्वांगासन, तितली आसन, शवासन, अनुलोम-विलोम, कपालभाति, भ्रामरी एवं भस्त्रिका प्राणायाम सहित हास्य योग का अभ्यास कराया गया तथा उनके शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य संबंधी लाभों की विस्तृत जानकारी दी गई।

योग दिवस पर उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक योगाभ्यास में सहभागिता करते हुए स्वस्थ एवं संतुलित जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के समापन पर उपसेनानायक महोदय द्वारा योगाचार्या एवं उनकी टीम को स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर सहायक सेनानायक श्रीमती अन्विता उपाध्याय, सूबेदार सैन्य सहायक मोमराज सिंह, सहायक शिविरपाल राजपाल सिंह, आर.टी.सी. प्रभारी प्रदीप कुमार सहित वाहिनी के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।


