लखनऊ अग्निकांड: अलीगंज की इमारत में भीषण आग, 14 युवाओं की मौत;

– सीएम योगी ने दौरा रद्द कर लौटे लखनऊ

लखनऊ। राजधानी लखनऊ के अलीगंज स्थित पुरनिया इलाके में सोमवार को हुए भीषण अग्निकांड ने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया। एक बहुमंजिला इमारत में लगी आग में अब तक 14 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। मृतकों की उम्र 20 से 24 वर्ष के बीच बताई जा रही है। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और दहशत का माहौल है।

जानकारी के अनुसार इमारत के निचले हिस्से में संचालित पेट शॉप और गेमिंग जोन में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरी इमारत धुएं तथा लपटों से घिर गई। घटना के समय इमारत में मौजूद लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए। कई लोग अंदर ही फंस गए, जिन्हें निकालने के लिए दमकल और पुलिस की टीमों ने तत्काल राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।

 

घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। पुलिस और फायर विभाग द्वारा चलाए गए रेस्क्यू अभियान के दौरान घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जबकि 14 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है।

हादसे की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपना अलीगढ़ दौरा रद्द कर दिया और लखनऊ लौट रहे हैं। घटनास्थल पर उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, अपर मुख्य सचिव गृह संजय प्रसाद, डीजीपी राजीव कृष्ण, डीजी फायर सुजीत पांडेय, पुलिस कमिश्नर लखनऊ तथा जिलाधिकारी लखनऊ सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद हैं और राहत कार्यों की निगरानी कर रहे हैं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है। दोनों नेताओं ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है। साथ ही मृतकों के आश्रितों और घायलों के लिए आर्थिक सहायता की घोषणा भी की गई है।

फिलहाल प्रशासन आग लगने के कारणों की जांच कर रहा है। प्रारंभिक आशंका शॉर्ट सर्किट या अन्य तकनीकी खराबी की जताई जा रही है, हालांकि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेगा।

 वरिष्ठ पत्रकार श्री राम की रिपोर्ट

Leave a Comment