
गाजियाबाद। शहर में एक बार फिर प्रकृति, हरियाली और स्वाद का संगम देखने को मिलेगा। लैण्डक्राफ्ट डवलपर्स प्रा० लि० द्वारा प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी “फ्लावर शो एवं चटकारे” कार्यक्रम का आयोजन 27 फरवरी से 01 मार्च 2026 तक किया जा रहा है। इस भव्य आयोजन में प्रतिदिन हजारों की संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना है।
फ्लावर शो का मुख्य उद्देश्य लोगों को फल, फूल, पेड़-पौधों के महत्व, पर्यावरण संरक्षण, प्रदूषण नियंत्रण तथा ऑर्गेनिक फार्मिंग के प्रति जागरूक करना है। कार्यक्रम में गाजियाबाद नगर निगम, गाजियाबाद विकास प्राधिकरण, आवास विकास परिषद, नोएडा व ग्रेटर नोएडा विकास प्राधिकरण, अजय कुमार गर्ग इंजीनियरिंग कॉलेज सहित अनेक प्रतिष्ठित संस्थाएं सहभागिता करेंगी।
इस अवसर पर देशी एवं विदेशी प्रजातियों के विविध पेड़-पौधों व पुष्पों की आकर्षक प्रदर्शनी लगाई जाएगी। इस वर्ष विशेष आकर्षण के रूप में अर्बन गार्डनिंग पर आधारित हाइड्रोपोनिक, एक्वापोनिक एवं एरोपोनिक तकनीक से पौधों को उगाने की आधुनिक विधियों का लाइव प्रदर्शन किया जाएगा। आयोजन में हॉटिकल्चर फ्लोरीकल्चर सोसाइटी का भी विशेष सहयोग रहेगा।
इसके अलावा “चटकारे” कार्यक्रम के अंतर्गत देश के विभिन्न प्रांतों के प्रमुख एवं स्वादिष्ट व्यंजनों के स्टॉल भी लगाए जाएंगे, जो दर्शकों के लिए मुख्य आकर्षण का केंद्र रहेंगे।
कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन 27 फरवरी को सायं 5 बजे जिलाधिकारी गाजियाबाद रविंद्र कुमार मॉदड़, आईएएस द्वारा किया जाएगा। आयोजकों ने अधिक से अधिक संख्या में नागरिकों से कार्यक्रम में पहुंचकर आयोजन का लाभ उठाने की अपील की है।


