महर्षि कश्यप जयंती महाकुंभ में, डिप्टी सीएम समेत कई दिग्गज हुए शामिल

भाजपा ने हर महापुरुष का किया सम्मान : केशव मौर्या


गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश के स्वतंत्र प्रभार राज्य मंत्री नरेंद्र कश्यप द्वारा घंटाघर रामलीला मैदान में महर्षि कश्यप जयंती महाकुंभ का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में प्रदेश के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य और बृजेश पाठक मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि भाजपा सरकार ने हमेशा हर महापुरुष का सम्मान और सत्कार किया है। वहीं बृजेश पाठक ने महर्षि कश्यप के योगदान को याद करते हुए कहा कि वे सदियों तक पूजे जाएंगे और उनका आदर्श समाज को दिशा देता रहेगा।


इस अवसर पर मंत्री नरेंद्र कश्यप ने कहा कि वह प्रदेश और केंद्र सरकार में महर्षि कश्यप के नाम पर विभिन्न योजनाएं शुरू करने की मांग रखेंगे। उन्होंने बताया कि वर्षों पहले यह कार्यक्रम एक छोटी धर्मशाला से शुरू हुआ था, जिसमें सीमित लोग शामिल होते थे। लेकिन आज यह महाकुंभ का रूप ले चुका है और हर साल इसमें भागीदारी लगातार बढ़ रही है। महाकुंभ में दिल्ली-एनसीआर और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के विभिन्न शहरों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे।


केशव प्रसाद मौर्य का सपा पर हमला—“क्या उनकी सरकार में संभव था महर्षि कश्यप महाकुंभ?”

उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि जब अखिलेश यादव की सरकार थी, तब महर्षि कश्यप जैसे महापुरुषों की जयंती और महाकुंभ जैसे भव्य आयोजन संभव नहीं थे।
उन्होंने कहा कि भले ही सपा नेतृत्व पिछड़ों और दलितों की बात करता हो, लेकिन उनकी सरकार के दौरान इन वर्गों के सम्मान और विकास के लिए ठोस प्रयास नहीं किए गए। मौर्य ने आरोप लगाया कि उस समय प्रदेश में अपराधियों और दंगाइयों का बोलबाला था। इस दौरान उन्होंने उत्तर प्रदेश सरकार में स्वतंत्र प्रभार राज्य मंत्री नरेंद्र कश्यप की सराहना करते हुए कहा कि महर्षि कश्यप जयंती पर आयोजित महाकुंभ एक ऐतिहासिक और भव्य आयोजन है। उन्होंने आश्वासन दिया कि कश्यप और निषाद समाज से जुड़ी मांगों को पूरा कराने के लिए सरकार हरसंभव प्रयास करेगी।

उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने तकनीकी माध्यम से मोबाइल फोन के जरिए जनसभा को संबोधित किया

मौर्य ने कहा कि इस स्तर का महाकुंभ आयोजित करना आसान नहीं होता, जिसमें संगठन, पार्टी कार्यकर्ता और आम जनता की व्यापक भागीदारी हो। कार्यक्रम में पूर्वांचल, बुंदेलखंड, दिल्ली-एनसीआर और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों से भारी संख्या में लोग शामिल हुए।


कार्यक्रम के दौरान मंत्री नरेंद्र कश्यप के प्रयासों से दिव्यांगजनों को ट्राईसाइकिल, सहायक उपकरण और अन्य योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया। साथ ही दिव्यांग एवं पिछड़ा वर्ग विभाग द्वारा प्रदर्शनी भी लगाई गई।


इस मौके पर सांसद अतुल गर्ग, पूर्व सांसद अनिल अग्रवाल, क्षेत्रीय अध्यक्ष सत्येंद्र सिसोदिया, क्षेत्रीय महामंत्री विकास अग्रवाल, हापुड़ जिला पंचायत अध्यक्ष रेखा नागर, मुरादनगर विधायक अजीत पाल त्यागी, शहर विधायक संजीव शर्मा, महानगर अध्यक्ष मयंक गोयल सौरभ जायसवाल सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

——————–
वरिष्ठ पत्रकार श्री राम की रिपोर्ट

Leave a Comment