राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन

गाजियाबाद। जिला एवं महानगर कांग्रेस कमेटी गाजियाबाद के नेतृत्व में सोमवार को पेट्रोल, डीजल, सीएनजी एवं गैस सिलेंडरों की बढ़ी हुई कीमतों के विरोध में प्रदर्शन किया गया। जिला अध्यक्ष सतीश शर्मा एवं महानगर अध्यक्ष वीर सिंह जाटव के संयुक्त नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने पैदल मार्च करते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचकर राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी गाजियाबाद को सौंपा।
ज्ञापन में केंद्र सरकार से मांग की गई कि पेट्रोल, डीजल, सीएनजी और घरेलू गैस सिलेंडरों की बढ़ाई गई कीमतों को तत्काल प्रभाव से वापस लिया जाए। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि लगातार बढ़ती महंगाई ने आम जनता की कमर तोड़ दी है और रोजमर्रा की वस्तुओं के दाम लगातार बढ़ रहे हैं।

जिला कांग्रेस अध्यक्ष सतीश शर्मा ने कहा कि केंद्र सरकार के 12 वर्षों के कार्यकाल में जनता पहले ही महंगाई से त्रस्त है। अब पेट्रोल, डीजल और सीएनजी की कीमतों में वृद्धि कर मिडिल और लोअर मिडिल क्लास परिवारों पर अतिरिक्त बोझ डाल दिया गया है। उन्होंने कहा कि कमर्शियल और छोटे गैस सिलेंडरों के दाम पहले ही बढ़ाए जा चुके हैं, जिससे आम परिवारों की रसोई प्रभावित हो रही है।
उन्होंने कहा कि डीजल की कीमतों में वृद्धि का सीधा असर किसानों पर पड़ रहा है। खाद, बीज, बिजली और पानी की समस्याओं से जूझ रहे किसानों को फसलों के उचित दाम नहीं मिल रहे हैं और अब ईंधन महंगा होने से उनकी परेशानी और बढ़ गई है। उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गाँधी के बयान का उल्लेख करते हुए कहा कि “चुनाव खत्म होते ही सरकार ने वसूली शुरू कर दी है।”

महानगर अध्यक्ष वीर सिंह जाटव ने कहा कि भाजपा सरकार की नीतियां हमेशा जनविरोधी रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव समाप्त होते ही सरकार ने महंगाई का बोझ जनता पर डाल दिया है। कांग्रेस पार्टी ने चेतावनी दी कि यदि मूल्य वृद्धि वापस नहीं ली गई तो पार्टी जनहित में और बड़ा आंदोलन करेगी।
प्रदर्शन के दौरान प्रदेश मंत्री डॉ. संजीव शर्मा, पूर्व मंत्री सतीश शर्मा, लोकेश चौधरी, मनोज कौशिक, अमित शर्मा, राजीव शर्मा, महिला जिला अध्यक्ष डोली त्यागी, अश्वनी त्यागी, आशुतोष गुप्ता, पंकज तिजानिया, सजनिया, अनवर कुरैशी, मीडिया प्रभारी सविता गौतम, सविता जैसवाल सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
—–


