
गाजियाबाद। पुलिस उपमहानिरीक्षक पीएसी मेरठ सेक्टर कल्पना सक्सेना ने 47वीं वाहिनी पीएसी गाजियाबाद का वार्षिक निरीक्षण किया। इस अवसर पर सेनानायक 47वीं वाहिनी पीएसी दिनेश यादव ने डीआईजी कल्पना सक्सेना को पुष्प गुच्छ देकर स्वागत किया ।

मुख्य अतिथि द्वारा वार्षिक निरीक्षण के दौरान परेड की सलामी लेने के पश्चात परेड का निरीक्षण किया गया एवं जवानों के अनुशासन, सज्जा एवं प्रशिक्षण व्यवस्था का अवलोकन किया गया । निरीक्षण उपरांत बलवा ड्रिल की कार्यवाही का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए ।

इसके उपरांत डीआईजी कल्पना सक्सेना द्वारा वाहिनी क्वार्टर गार्ड पर सलामी ग्रहण की गई तथा क्वार्टर गार्द, मयूर संरक्षण केंद्र, वाहिनी बैडमिंटन/जिम्नेजियम हॉल, प्रशासनिक भवन, वाहिनी चिकित्सालय, वाहिनी म्यूजियम, वाहिनी स्टोर आदि सहित विभिन्न शाखाओं का भ्रमण/निरीक्षण किया गया । निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को व्यवस्थाओं के सुचारू संचालन, स्वच्छता, अनुशासन एवं अभिलेखों के उचित रख-रखाव हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए ।

निरीक्षण के बाद मुख्य अतिथि द्वारा अधिकारियों के सम्मेलन मे सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से परिचय प्राप्त कर उनकी ड्यूटी एवं व्यवस्थापन स्थलों पर आने वाली समस्याओं की जानकारी ली गई । साथ ही वर्तमान मौसम एवं हीट वेव को दृष्टिगत रखते हुए जवानों को स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने, पर्याप्त मात्रा में पानी पीने, समय-समय पर ORS एवं तरल पदार्थों का सेवन करने तथा संतुलित एवं पौष्टिक खान-पान अपनाने हेतु प्रेरित किया गया। इसके अतिरिक्त ड्यूटी के दौरान स्वास्थ्य सुरक्षा, स्वच्छता एवं आवश्यक सावधानियों के संबंध में भी विस्तृत जानकारी प्रदान की गई ।

निरीक्षण कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के साथ-साथ सेनानायक 47वीं वाहिनी पीएसी गाज़ियाबाद दिनेश यादव, उपसेनानायक बी.एस. वीर कुमार, सहायक सेनानायक श्रीमती अन्विता उपाध्याय, वाहिनी चिकित्साधिकारी डॉ. नेहा गोस्वामी, शिविरपाल जयेन्द्र सिंह गंगवार, सूबेदार सैन्य सहायक मोमराज सिंह, सहायक शिविरपाल राजपाल सिंह एवं अन्य अधिकारी/कर्मचारी उपस्थित रहे |


