गाजियाबाद पहुंचे डॉ. प्रवीण तोगड़िया, सामाजिक एकता और सांस्कृतिक जागरूकता पर दिया जोर

 वीर हिंदू-विजेता हिंदू अभियान के विस्तार और सवा लाख हनुमान चालीसा केंद्र स्थापित करने का लक्ष्य बताया

गाजियाबाद। अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद एवं राष्ट्रीय बजरंग दल के संस्थापक एवं अध्यक्ष डॉ. प्रवीण तोगड़िया शुक्रवार को गाजियाबाद पहुंचे, जहां ठाकुर अजय चौहान के आवास पर उनका भव्य स्वागत किया गया। इस अवसर पर आयोजित प्रेस वार्ता में उन्होंने सामाजिक एकता, सांस्कृतिक जागरूकता और संगठन के विभिन्न अभियानों को लेकर अपने विचार व्यक्त किए।

प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए डॉ. तोगड़िया ने कहा कि देश के विभिन्न क्षेत्रों में रहने वाला सनातन समाज एक ही परिवार का हिस्सा है और समाज में एकता एवं समरसता बनाए रखना समय की आवश्यकता है। उन्होंने समाज को संगठित, जागरूक और आत्मनिर्भर बनने का संदेश देते हुए युवाओं से राष्ट्र एवं समाज निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद एवं राष्ट्रीय बजरंग दल द्वारा सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक संरक्षण के लिए लगातार अभियान चलाए जा रहे हैं। युवाओं को शारीरिक एवं मानसिक रूप से सशक्त बनाने के उद्देश्य से विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि वे समाज और राष्ट्र के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का बेहतर ढंग से निर्वहन कर सकें।

डॉ. तोगड़िया ने बताया कि संगठन के वीर हिंदू-विजेता हिंदू अभियान के माध्यम से युवाओं को आत्मरक्षा प्रशिक्षण, सामाजिक जागरूकता और सेवा कार्यों से जोड़ा जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य युवाओं में आत्मविश्वास बढ़ाना और उन्हें सकारात्मक सामाजिक गतिविधियों के लिए प्रेरित करना है।

उन्होंने यह भी जानकारी दी कि संगठन ने देशभर में लगभग सवा लाख हनुमान चालीसा केंद्र स्थापित करने का लक्ष्य निर्धारित किया है। इन केंद्रों के माध्यम से सांस्कृतिक मूल्यों के संरक्षण, धार्मिक जागरूकता और सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने का प्रयास किया जाएगा।

इस अवसर पर ठाकुर अजय चौहान ने कहा कि गाजियाबाद में कार्यरत सभी सामाजिक संगठनों को एकजुट होकर समाज की सुरक्षा, एकता और विकास के लिए मिलकर कार्य करना चाहिए। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयासों से ही समाज को मजबूत और संगठित बनाया जा सकता है।

कार्यक्रम में अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद एवं राष्ट्रीय बजरंग दल के जिला अध्यक्ष विकास सैनी, महानगर उपाध्यक्ष विनीत गोयल, नरेश शर्मा, अशोक अग्रवाल, अशोक राणा, नगर अध्यक्ष सुनील, हिमांशु अरोड़ा, अमित पंवार, पंकज, विष्णु, वीरेंद्र कुमार, विनोद गोसाईं, रंजन, अमन, मोहित, संचित, शिवम, अरविंद, उमेश, सूरज, आकाश, प्रवेश सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

—-

वरिष्ठ पत्रकार श्री राम की रिपोर्ट

Leave a Comment