नेहरू युवा केंद्र की भूमि पर अवैध कब्जे का आरोप

 रामनगरवासियों ने डीएम और जीडीए सचिव को सौंपा ज्ञापन

गाजियाबाद । रामनगर क्षेत्र के सैकड़ों निवासियों ने सोमवार को जिलाधिकारी एवं गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) के सचिव को ज्ञापन सौंपकर नेहरू युवा केंद्र की सरकारी भूमि पर कथित अवैध अतिक्रमण और फर्जीवाड़े के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। क्षेत्रवासियों ने आरोप लगाया कि सरकारी संपत्ति पर कब्जा करने का प्रयास किया जा रहा है, जिससे स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है।

ज्ञापन में कहा गया है कि सांसद अतुल गर्ग के जनप्रतिनिधि राजेंद्र मित्तल स्वयं को नेहरू युवा केंद्र का अध्यक्ष बताकर प्रशासन और स्थानीय अधिकारियों को गुमराह कर रहे हैं। निवासियों का आरोप है कि राजेंद्र मित्तल द्वारा नेहरू युवा केंद्र की सरकारी भूमि पर अवैध निर्माण और अतिक्रमण का प्रयास किया जा रहा है।

क्षेत्रवासियों ने यह भी आरोप लगाया कि सत्ता और पद का दुरुपयोग करते हुए इस महत्वपूर्ण सार्वजनिक एवं सरकारी केंद्र को अपने नियंत्रण में लेने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने इसे सरकारी संपत्ति पर कब्जा करने की सुनियोजित कोशिश बताते हुए प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की।

रामनगर के निवासियों ने जिलाधिकारी और जीडीए सचिव से मांग की है कि राजेंद्र मित्तल के दावों की निष्पक्ष जांच कराई जाए, कथित अवैध निर्माण को तत्काल रोका जाए तथा सरकारी भूमि को सुरक्षित रखते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। ज्ञापन सौंपने के दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे और उन्होंने सरकारी संपत्तियों को भू-माफियाओं से मुक्त रखने की मांग दोहराई।

——

वरिष्ठ पत्रकार श्री राम की रिपोर्ट

Leave a Comment