युवक की निर्मम हत्या पर विधायक संजीव शर्मा ने जताया शोक , पीड़ित परिवार से की मुलाकात

गाज़ियाबाद। क्रॉसिंग रिपब्लिक थाना अंतर्गत न्यू शांतिनगर में युवक मोहित की निर्मम हत्या से स्थानीय लोगों मे भय का माहौल है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, मोहित को जन्मदिन की पार्टी के बहाने बुलाया गया, जहां विवाद के बाद चाकू से गोदकर उसकी हत्या कर दी गई।

परिजनों का आरोप है कि लगभग 20 दिन पूर्व कुछ युवकों से मोहित का विवाद हुआ था, जिसका बाद में समझौता भी हो गया था। इसके बावजूद आरोपियों ने पहले खाटू श्याम एवं हरिद्वार यात्रा के दौरान हत्या की साजिश रची, जो असफल रही। इसके बाद जन्मदिन के बहाने बुलाकर देर रात करीब ढाई बजे इस जघन्य वारदात को अंजाम दिया गया। पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को हिरासत में लिया है तथा आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।

शहर विधायक संजीव शर्मा पीड़ित परिवार के निवास पहुंचे और शोकाकुल परिजनों मृतक की माँ और रिश्तेदारों से मिलकर उन्हें ढांढस बंधाया। उन्होंने परिवार को आश्वस्त किया कि दोषियों के विरुद्ध कठोरतम कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित कराई जाएगी तथा न्याय दिलाने में किसी प्रकार की कोताही नहीं बरती जाएगी।

इस संबंध में विधायक संजीव शर्मा ने पुलिस कमिश्नर जे. रविंदर गौड़ एवं पुलिस उपायुक्त धवल जायसवाल से वार्ता कर मामले में निष्पक्ष, त्वरित एवं सख्त कार्रवाई करने के लिए कहा। विधायक संजीव शर्मा ने कहा कि गाज़ियाबाद में कानून व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है। योगी जी की सरकार मे किसी भी निर्दोष नागरिक के साथ अन्याय बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और पीड़ित परिवार को हर संभव न्याय दिलाने के लिए वे सदैव उनके साथ खड़े हैं।

———————
वरिष्ठ पत्रकार श्री राम की रिपोर्ट

Leave a Comment