
गाजियाबाद। ग्रीष्मकालीन अवकाश के उपरांत श्री ठाकुर द्वारा बालिका विद्यालय में नए शैक्षणिक सत्र की मंगलमय शुरुआत श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक वातावरण के बीच सुंदरकांड पाठ के आयोजन के साथ की गई। विद्यालय परिसर में आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम में प्रबंधन समिति के पदाधिकारियों, अध्यापिकाओं एवं अन्य उपस्थितजनों ने भगवान श्रीराम और हनुमान जी का स्मरण करते हुए सुंदरकांड का सामूहिक पाठ किया।
इस अवसर पर विद्यालय के अध्यक्ष दिनेश कुमार गोयल, उपाध्यक्ष दिनेश कुमार गोयल (सोप वाले), प्रबंधक ज्ञानप्रकाश गोयल, उप-प्रबंधक अनिल कुमार तथा मोहित गुप्ता सहित प्रबंधन समिति के अन्य पदाधिकारी एवं विद्यालय की समस्त अध्यापिकाएँ उपस्थित रहीं।
सुंदरकांड पाठ के उपरांत विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती पूनम शर्मा ने भगवान हनुमान के आदर्श व्यक्तित्व, उनकी अटूट भक्ति, अदम्य साहस, विनम्रता एवं सेवा-भाव पर प्रकाश डालते हुए कहा कि विद्यार्थियों और शिक्षकों को इन गुणों को अपने जीवन में अपनाकर राष्ट्र एवं समाज के प्रति अपने दायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन करना चाहिए।
विद्यालय के अध्यक्ष दिनेश कुमार गोयल ने भगवान हनुमान से विद्यालय परिवार, विद्यार्थियों तथा समस्त समाज के सुख, समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य एवं कल्याण की प्रार्थना की। उन्होंने कहा कि ऐसे धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन विद्यार्थियों में नैतिक मूल्यों और भारतीय संस्कृति के प्रति सम्मान की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
—–


