राघव चड्ढा समेत सात राज्यसभा सांसद भाजपा में शामिल

आम आदमी पार्टी को बड़ा झटका

नई दिल्ली । देश की राजनीति में शुक्रवार को बड़ा घटनाक्रम सामने आया, जब आम आदमी पार्टी के सात राज्यसभा सांसदों ने पार्टी छोड़कर भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर ली। इस घटनाक्रम को आम आदमी पार्टी के लिए बड़ा राजनीतिक झटका माना जा रहा है।

भाजपा में शामिल होने वालों में राघव चड्ढा, संदीप पाठक, अशोक मित्तल, स्वाति मालीवाल, हरभजन सिंह, विक्रम साहनी और राजेंद्र गुप्ता के नाम शामिल हैं। सभी नेताओं ने दिल्ली स्थित भाजपा कार्यालय में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की मौजूदगी में सदस्यता ग्रहण की।

राघव चड्ढा ने कहा कि राज्यसभा में आम आदमी पार्टी के दो-तिहाई सांसद उनके साथ हैं और सामूहिक रूप से भाजपा में विलय का निर्णय लिया गया है। उन्होंने बताया कि यह फैसला नियमों के तहत लिया गया है।

राजनीतिक जानकारों के अनुसार यह घटनाक्रम आम आदमी पार्टी और उसके नेतृत्व के लिए बड़ा झटका है। हाल के दिनों में पार्टी के भीतर मतभेदों की चर्चाएं भी सामने आ रही थीं।

इस घटनाक्रम के बाद राजधानी दिल्ली समेत देशभर के राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं तेज हो गई हैं। माना जा रहा है कि आने वाले समय में इसका असर राष्ट्रीय राजनीति पर भी देखने को मिल सकता है।

—-

 वरिष्ठ पत्रकार श्री राम की रिपोर्ट

Leave a Comment