गाजियाबाद। मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग को लेकर कांग्रेस ने अपना आंदोलन तेज कर दिया है। इसी कड़ी में जिला कांग्रेस कमेटी और महानगर कांग्रेस कमेटी की ओर से ‘वोट चोर, गद्दी छोड़’ अभियान के तहत ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ मार्च निकाला जाएगा। अभियान को लेकर कांग्रेस नेताओं ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कार्यक्रम की जानकारी दी।
जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सतीश शर्मा ने बताया कि अभियान के तहत 6 अक्टूबर को लोनी और 8 अक्टूबर को गाजियाबाद शहर में जनजागरूकता यात्रा निकाली जाएगी। उन्होंने कहा कि इस यात्रा का उद्देश्य शहर और देहात के मतदाताओं को लोकतांत्रिक प्रक्रिया और उनके मताधिकार के प्रति जागरूक करना है। यात्रा में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के साथ बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और पदाधिकारी शामिल होंगे।

महानगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष वीर सिंह जाटव ने कहा कि अभियान के माध्यम से लोगों से अपने मताधिकार की रक्षा करने और लोकतंत्र को मजबूत बनाने की अपील की जा रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का संदेश है कि लोग अपने वोट को चोरी होने से बचाएं और देश, शहर, रोजगार व व्यापार की रक्षा के लिए लोकतांत्रिक व्यवस्था में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें। उन्होंने संविधान और संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर के विचारों की रक्षा का भी आह्वान किया।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सुशांत गोयल ने कहा कि जिला अध्यक्ष सतीश शर्मा और महानगर अध्यक्ष वीर सिंह जाटव के नेतृत्व में चलाए जा रहे इस अभियान का उद्देश्य आम नागरिकों, युवाओं, व्यापारियों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं को लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी के लिए जागरूक करना है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक पात्र मतदाता को अपने मताधिकार का प्रयोग करना चाहिए और चुनावी प्रक्रिया में अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए।
पूर्व महानगर अध्यक्ष लोकेश चौधरी ने कहा कि 6 अक्टूबर को लोनी और 8 अक्टूबर को गाजियाबाद शहर में होने वाले मार्च को लेकर कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह है। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर अभियान को सफल बनाने का आह्वान किया।
जिला कांग्रेस कमेटी और महानगर कांग्रेस कमेटी ने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे घर-घर और आम जनता के बीच पहुंचकर मतदान के महत्व का संदेश दें और लोकतांत्रिक अधिकारों के प्रति लोगों को जागरूक करें।
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान मीडिया प्रभारी आशुतोष गुप्ता, रिजवान मलिक, सुनील दत्त, उदय सिंह, सुरेंद्र शर्मा, इरफान और समसुद्दीन सैफी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं नेता मौजूद रहे।
——-



