-एफआईआर के बावजूद आरोपी खुलेआम दे रहा धमकियां, पीड़ित ने जिलाधिकारी से मांगी सुरक्षा

गाजियाबाद। थाना वेवसिटी क्षेत्र के ग्राम सादत नगर इकला निवासी एक व्यक्ति ने जिलाधिकारी गाजियाबाद को शिकायत पत्र देकर पुलिस पर कार्रवाई न करने का आरोप लगाया है। शिकायतकर्ता सतीश ने आरोप लगाया कि पड़ोस में रहने वाले कथित समाजसेवी राजवीर उर्फ राजू ने उनकी 14 वर्षीय बेटी के साथ छेड़छाड़ की थी, जिसके संबंध में थाना वेवसिटी में 24 मई 2026 को एफआईआर दर्ज कराई गई थी।
शिकायत के अनुसार, 29 मई 2026 को बेटी का बयान दर्ज कराने के लिए न्यायालय जाते समय आरोपी ने कथित रूप से शिकायतकर्ता और उसकी बेटी को न्यायालय परिसर के बाहर रोककर धमकाया तथा बयान न देने का दबाव बनाया। आरोप है कि आरोपी ने पहले भी पीड़िता के साथ दुष्कर्म करने की धमकी दी थी।
सतीश ने बताया कि 8 जून 2026 को उन्होंने कविनगर थाने में भी एक अन्य रिपोर्ट दर्ज कराई थी, लेकिन 19 जून तक पुलिस द्वारा कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। उनका आरोप है कि आरोपी लगातार उन्हें और उनके परिवार को जान से मारने की धमकी देता है तथा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अभद्र और धमकी भरी पोस्ट व वीडियो डालता है, जिससे परिवार भयभीत है।
शिकायतकर्ता ने अपने पत्र में यह भी उल्लेख किया है कि आरोपी के विरुद्ध गाजियाबाद विकास प्राधिकरण के एक अवर अभियंता द्वारा भी थाना सिहानी गेट में एफआईआर दर्ज कराई जा चुकी है। उन्होंने आरोपी को आपराधिक प्रवृत्ति का बताते हुए उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
जिलाधिकारी से की गई शिकायत में सतीश ने आरोपी की गिरफ्तारी सुनिश्चित कर उसे जेल भेजने तथा परिवार की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की है।


