चंदा अनियमितता मामले में सभी जिम्मेदार लोगों पर हो कार्रवाई : सूरजपाल अम्मू
– कई नामजद लोगों को बनाया गया आरोपी

गाजियाबाद। करणी सेना ने श्रीराम मंदिर में कथित चंदा अनियमितता के मामले को लेकर ट्रस्ट से जुड़े लोगों के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष सूरजपाल अम्मू ने दावा किया कि इस प्रकरण में अयोध्या और गाजियाबाद में रिपोर्ट दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि मामले में किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाना चाहिए और निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए।
गाजियाबाद में आयोजित प्रेसवार्ता में सूरजपाल अम्मू ने आरोप लगाया कि मंदिर में श्रद्धालुओं द्वारा दिए गए चंदे के उपयोग को लेकर गंभीर सवाल खड़े हुए हैं। उन्होंने कहा कि इस मामले में पहले भी शिकायतें और खुलासे सामने आए थे, लेकिन प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने प्रदेश सरकार से पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की।

अम्मू ने बताया कि दर्ज कराई जा रही रिपोर्ट में लवकुश मिश्रा, टन्नू यादव, ट्रस्टी नृपेंद्र मिश्रा, पूर्व ऑडिटर महिपाल सिंह, अनिल मिश्रा, चंपत राय सहित अन्य लोगों के नाम शामिल किए गए हैं। उन्होंने कहा कि जांच एजेंसियां निष्पक्ष तरीके से कार्य करें और यदि किसी की भूमिका सामने आती है तो उसके खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई होनी चाहिए।
करणी सेना ने मांग की कि ट्रस्ट की कार्यप्रणाली की समीक्षा कर जवाबदेही तय की जाए तथा श्रद्धालुओं के दान की राशि के उपयोग का पूरा विवरण सार्वजनिक किया जाए। संगठन ने कहा कि मंदिर करोड़ों लोगों की आस्था का केंद्र है, इसलिए उससे जुड़े मामलों में पूर्ण पारदर्शिता आवश्यक है।
प्रेसवार्ता में करणी सेना के राष्ट्रीय महामंत्री संदीप सिंघल, वरिष्ठ राष्ट्रीय उपाध्यक्ष विवेक तोमर, जिलाध्यक्ष गौरव शर्मा, निशांत रावल, विवेक शर्मा और अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
—–


