घंटाघर और जीटी रोड के जाम से मिलेगी राहत, विधायक संजीव शर्मा ने पुलिस अधिकारियों से बात

गाजियाबाद। महानगर की मुख्य सड़कों पर लगने वाला जाम तथा प्रमुख बाजारों में स्थानीय दुकानदारों द्वारा किए गए अतिक्रमण की समस्या को लेकर सदर विधायक संजीव शर्मा ने पुलिस के आला अधिकारियों के साथ बातचीत कर शहर की जनता को इन समस्याओं से निजात दिलाने की मांग की।

रेलवे रोड, बजरिया और घंटाघर क्षेत्र के समस्त व्यापारियों के साथ घंटाघर चौराहे पर लगने वाले जाम, अतिक्रमण एवं जीटी रोड पर कट खुलवाने की समस्या को लेकर पुलिस उपायुक्त यातायात कमिश्नरेट त्रिगुन बिसेन, अपर पुलिस उपायुक्त यातायात कमिश्नरेट वरुण कुमार एवं सहायक पुलिस आयुक्त यातायात कमिश्नरेट गाजियाबाद रितेश त्रिपाठी के साथ शहर विधायक संजीव शर्मा ने विस्तृत वार्ता की।

इस दौरान विधायक संजीव शर्मा ने अधिकारियों को अवगत कराया कि ठाकुरद्वारा हापुड़ रोड से लेकर लाल कुआं तक सड़क के दोनों ओर अतिक्रमण होने के कारण लगातार यातायात जाम की स्थिति बनी रहती है, जिससे आम जनता एवं व्यापारियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। उन्होंने इस व्यवस्था को तत्काल प्रभाव से सुचारू कराने की मांग की।

इसके साथ ही विधायक ने कहा कि घंटाघर चौराहे पर शहर गाजियाबाद की पहली रेड लाइट लगाई गई थी, लेकिन वर्तमान समय में वहां ट्रैफिक लाइट संचालित न होने के कारण यातायात प्रभावित रहता है। इस विषय में उन्होंने नगर आयुक्त से वार्ता कर ट्रैफिक व्यवस्था को पुनः शुरू कराने के निर्देश दिए। सभी अधिकारियों ने विधायक संजीव शर्मा के सुझावों को गंभीरता से लेते हुए अति शीघ्र आवश्यक कार्यवाही करने एवं यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने का आश्वासन दिया।

इस अवसर पर व्यापारी नेता राजू छाबड़ा, राकेश स्वामी, अजय कालरा, सुरेश महाजन, पार्षद नीरज गोयल, संजीव लाहोरिया, अजय बत्रा, परविंदर बत्रा, दीपक शर्मा, अमित अरोरा, रमेश भटनागर सहित अनेक व्यापारी उपस्थित रहे।

———————-
वरिष्ठ पत्रकार श्री राम की रिपोर्ट

Leave a Comment