नीट पेपर लीक के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन

लाखों छात्रों का भविष्य खतरे में : डॉली त्यागी

गाजियाबाद। नीट परीक्षा में कथित गड़बड़ी और पेपर लीक के विरोध में महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन का नेतृत्व कांग्रेस महिला अध्यक्ष अल्का लाम्बा के समर्थन में स्थानीय महिला कांग्रेस नेताओं ने किया। इस दौरान बड़ी संख्या में महिलाओं और युवाओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए निष्पक्ष जांच और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग उठाई।


प्रदर्शन के दौरान महिला कांग्रेस अध्यक्ष डॉली त्यागी ने कहा कि नीट परीक्षा में हुई अनियमितताओं से लाखों छात्रों का भविष्य खतरे में पड़ गया है। उन्होंने कहा कि मेहनत करने वाले छात्रों के साथ अन्याय हुआ है और सरकार इस मामले में पूरी तरह विफल साबित हुई है। डॉली त्यागी ने मांग की कि मामले की उच्च स्तरीय जांच कराई जाए और दोषियों को तुरंत गिरफ्तार किया जाए।

इस अवसर पर कांग्रेस नेत्री अलका लांबा ने कहा कि देश के युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि शिक्षा व्यवस्था लगातार भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ रही है और सरकार जवाब देने से बच रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी छात्रों की आवाज बनकर उनके अधिकारों की लड़ाई लड़ती रहेगी। प्रदर्शनकारियों ने राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन भेजकर नीट परीक्षा की निष्पक्ष जांच, परीक्षा प्रणाली में सुधार और छात्रों को न्याय दिलाने की मांग की।

——————–
वरिष्ठ पत्रकार श्री राम की रिपोर्ट

Leave a Comment